Patna Encounter: बिहार की राजधानी पटना के मसौढ़ी में शुक्रवार को पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ मामले में एक बहुत बड़ा अपडेट आया है। इस एनकाउंटर में गोली लगने से घायल हुए शातिर अपराधी मोहम्मद हैदर की इलाज के दौरान मौत हो गई है। वहीं, अपराधियों की गोली से घायल हुए मसौढ़ी थाना के दो पुलिस पदाधिकारियों का इलाज पटना एम्स (AIIMS) में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक युवक भी मिला है, जिसका अपहरण कर अपराधी लूटपाट की वारदात को अंजाम दे रहे थे।
ऐप पर मोबाइल खरीदने के बहाने बुना था जाल
पटना के नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदातों को अंजाम देता था। पूछताछ में बरामद युवक ने खुलासा किया कि अपराधियों ने उसे एक शॉपिंग ऐप पर मोबाइल खरीदने के बहाने मसौढ़ी बुलाया था। जब युवक वहां पहुंचा, तो अपराधियों ने उसे बंधक बना लिया और मनीचक गांव के पास एक खेत में ले जाकर उसके साथ मारपीट और लूटपाट करने लगे। प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला फिरौती और अपहरण का लग रहा था, जहां युवक की जान को गंभीर खतरा था।
सादी वर्दी में पहुंची थी पुलिस, अपराधियों ने की गोलीबारी
12 जून को मसौढ़ी थाना पुलिस को जैसे ही खेत में युवक के साथ मारपीट और अपहरण की गुप्त सूचना मिली, पुलिस टीम बिना वक्त गंवाए सादी वर्दी में ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जैसे ही पूरे इलाके की घेराबंदी शुरू की, खुद को घिरा देख 5 से 6 अपराधियों के गुट ने पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग झोंक दी। अपराधियों की तरफ से हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी में मसौढ़ी थाना के थाना प्रभारी राहुल कुमार और ASI संजय कुमार गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने भी विधिसम्मत कार्रवाई और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- ओमकार अपहरण-हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल; पैर में लगी गोली, 50 हजार का था इनाम
घायल अपराधी ने अस्पताल में तोड़ा दम
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद हैदर नाम के एक अपराधी को भी गोली लगी थी, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर अपने साथियों के साथ मौके से फरार होने में कामयाब रहा। उसे पहले पुनपुन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे PMCH रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे एक निजी अस्पताल और फिर राजाबाजार स्थित पारस अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक अपराधी मोहम्मद हैदर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह महज 3 महीने पहले ही हत्या के एक संगीन मामले में मसौढ़ी थाना से जेल जा चुका था और जमानत पर बाहर आते ही दोबारा सक्रिय हो गया था।
फरार अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ छापेमारी
नगर पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार के मुताबिक, पुलिस ने घटनास्थल से पीड़ित युवक को पूरी तरह सुरक्षित बचा लिया है। इस वारदात में शामिल गिरोह के अन्य 5 से 6 अपराधियों की सटीक पहचान कर ली गई है। पुलिस की कई टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही हैं। इसके साथ ही, घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच और पुख्ता सबूत जुटाने के लिए FSL की टीम ने भी मौके से साक्ष्य संकलित कर लिए हैं।
