शहर

Ghaziabad Encounter: ओमकार अपहरण-हत्याकांड का मुख्य आरोपी मुठभेड़ में घायल; पैर में लगी गोली, 50 हजार का था इनाम

Ghaziabad Encounter News: गाजियाबाद की लोनी पुलिस ने एक मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश गौरव नागर को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ओमकार सिंह का अपहरण कर हत्या करने की बात कबूल की है। पुलिस ने कार और पिस्टल बरामद की है।

Image

लोनी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोचा आरोपी

Photo : Times Now Digital

Ghaziabad Encounter News: गाजियाबाद की लोनी थाना पुलिस को अपराध और अपराधियों के खिलाफ जारी अभियान में एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एक सटीक सूचना के आधार पर घेराबंदी करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी और शातिर बदमाश गौरव नागर को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए इस शातिर अपराधी पर दिल्ली-NCR के विभिन्न थानों में 6 से भी ज्यादा गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

मुखबिर की सूचना पर नहर के पास की गई थी चेकिंग

लोनी पुलिस को मुखबिर के जरिए एक पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम गनौली के रहने वाले ओमकार सिंह के अपहरण और सनसनीखेज हत्याकांड में शामिल इनामी बदमाश बंथला से चिरोड़ी की तरफ आ रहा है। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए लोनी थाना पुलिस की एक टीम ने बंथला-चिरोड़ी मार्ग पर नहर के पास सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। इसी दौरान बंथला की ओर से एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार आती हुई दिखाई दी।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दिल्ली NCR में आज कैसा रहेगा मौसम, कब आएगा मानसून

पेड़ से टकराई कार, पुलिस पर चलाई गोलियां

सहायक पुलिस आयुक्त (ACP लोनी) सिद्धार्थ गौतम ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जब पुलिस टीम ने संदिग्ध स्विफ्ट कार को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने जब कार का पीछा किया, तो अनियंत्रित होकर गाड़ी सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। इसके बाद कार चालक गाड़ी से उतरा और पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दोनों पैरों में गोलियां लगीं और वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर तुरंत उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया।

अपहरण के बाद हत्या कर मेरठ में फेंका था शव

अस्पताल में शुरुआती पूछताछ के दौरान पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम गौरव नागर बताया। गौरव ने कबूल किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गनौली के ओमकार सिंह का अपहरण किया था और बाद में उनकी हत्या करके शव को रोहटा मेरठ रोड पर गंगानगर इलाके में फेंक दिया था। इस सनसनीखेज वारदात के संबंध में थाना लोनी पर मुकदमा अपराध संख्या 152/26 धारा 109(1)/140(3)/3(5) BNS के तहत मामला पहले से ही दर्ज है।

लोनी पुलिस ने एक बदमाश के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद स्विफ्ट कार, एक .32 बोर पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार इस मामले में आवश्यक विधिक और कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है तथा उसके अन्य साथियों की तलाश जारी है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article