शहर

Ludhiana: लुधियाना में AAP नेता के पटाखा गोदाम में भीषण धमाका, दीवार गिरने से चचेरे भाई की दर्दनाक मौत

पंजाब के लुधियाना में आप नेता गोल्डी सब्बरवाल के पटाखों के गोदाम में अचानक भीषण आग और धमाके के बाद दीवार गिर गई। हादसे में 27 वर्षीय साहिल सब्बरवाल की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई।

Image

आप नेता गोल्डी सब्बरवाल

Photo : ANI

पंजाब के लुधियाना से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज हादसे की खबर सामने आई है। शहर में स्थित एक पटाखों के गोदाम में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटों के बीच गोदाम में रखे पटाखों में हुए जोरदार धमाकों से इमारत की दीवार भरभराकर गिर गई। इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से 27 वर्षीय युवक साहिल सब्बरवाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह भीषण हादसा आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थानीय नेता गोल्डी सब्बरवाल के पटाखा गोदाम में हुआ है। मृतक साहिल, आप नेता के चाचा का बेटा था।

खुद को बचाने के लिए कोने में खड़ा था साहिल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गोदाम की दूसरी मंजिल पर बने एक कमरे में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। इस कमरे में भारी मात्रा में पटाखों का स्टॉक जमा करके रखा गया था। आग लगते ही कमरे में रखे पटाखों में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके होने लगे, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग और धमाकों के वक्त गोदाम में मौजूद 27 वर्षीय साहिल सब्बरवाल ने खुद को बचाने की कोशिश की और एक तरफ कोने में खड़ा हो गया। लेकिन धमाके के प्रभाव से अचानक गोदाम की भारी-भरकम दीवार ढह गई और साहिल सीधे मलबे के नीचे दब गया। गंभीर चोटें आने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रिहायशी इलाके में अवैध भंडारण का आरोप

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी रोष देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किया गया था। इस दर्दनाक घटना ने रिहायशी इलाकों में बिना सुरक्षा मानकों के चल रहे पटाखा गोदामों और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

आप नेता बोले- 'शॉर्ट सर्किट से लगी आग', जांच जारी

हादसे के बाद आप नेता गोल्डी सब्बरवाल का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बताया कि गोदाम में पिछले साल के बचे हुए कुछ पटाखे रखे हुए थे। उन्होंने अंदेशा जताया कि आग संभवतः शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी होगी। वहीं, लुधियाना पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक टीम और पुलिस की विशेष टुकड़ी हादसे के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। रिहायशी इलाके में पटाखों के भंडारण की अनुमति थी या नहीं, इसकी भी प्रशासनिक स्तर पर पड़ताल की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article