शहर

Operation White Strike: NCB ने किया एक बड़े अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़

NCB ने इस कार्रवाई को “ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक” नाम दिया है। एजेंसी के मुताबिक यह हाई इम्पैक्ट ऑपरेशन छह महीने से अधिक समय तक लगातार खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी के बाद अंजाम दिया गया।

Image

बड़े अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़

नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने मुंबई और आसपास के लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय कोकीन तस्करी सिंडिकेट का भंडाफोड़ करते हुए 349 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन जब्त की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब ₹1,745 करोड़ बताई जा रही है।

NCB ने इस कार्रवाई को “ऑपरेशन व्हाइट स्ट्राइक” नाम दिया है। एजेंसी के मुताबिक यह हाई इम्पैक्ट ऑपरेशन छह महीने से अधिक समय तक लगातार खुफिया जानकारी जुटाने और निगरानी के बाद अंजाम दिया गया।विशेष और विश्वसनीय सूचना के आधार पर NCB की कई टीमों ने नवी मुंबई के कलंबोली-भिवंडी कॉरिडोर में समन्वित छापेमारी की।

संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा

जांच में एक अत्यधिक संगठित अंतरराष्ट्रीय ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा हुआ, जो गोदामों और छिपे हुए परिवहन तंत्र का इस्तेमाल कर रहा था।पहले चरण की कार्रवाई में NCB अधिकारियों ने नवी मुंबई के कलंबोली स्थित KWC वेयरहाउसिंग कॉम्प्लेक्स के पास एक मारुति सुजुकी सुपर कैरी (CNG) वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 136 पैकेट कोकीन बरामद किए गए। प्रत्येक पैकेट का वजन करीब एक किलो था। तस्करों ने कोकीन को क्रिकेट पैड और ग्लव्स के अंदर छिपाकर कार्टनों में रखा था। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

भिवंडी में छिपाई गई एक और बड़ी खेप की जानकारी दी

पूछताछ के दौरान आरोपी ने भिवंडी में छिपाई गई एक और बड़ी खेप की जानकारी दी। इसके बाद NCB टीम ने ठाणे जिले के भिवंडी स्थित रेहनल गांव के एक गोदाम पर छापा मारा, जहां से 213 अतिरिक्त पैकेट कोकीन बरामद की गई। इस तरह कुल 349 किलोग्राम कोकीन जब्त की गई।

हर पैकेट को नौ परतों वाली पॉलीथीन में पैक किया गया था

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस प्रतिबंधित पदार्थ को भारत में आयात की गई मशीनों के अंदर बने खोखले हिस्सों में छिपाकर लाया गया था। हर पैकेट को नौ परतों वाली पॉलीथीन में पैक किया गया था, जिसमें एक परत काले ग्रीसी पदार्थ की भी थी ताकि जांच एजेंसियों को भ्रमित किया जा सके।जांच एजेंसियों के मुताबिक भिवंडी के वेयरहाउस नेटवर्क का इस्तेमाल कोकीन की स्टोरेज, निकासी और आगे सप्लाई के लिए किया जा रहा था। अब NCB इस पूरे रैकेट के मास्टरमाइंड, फाइनेंसर, हैंडलर्स और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

सरकार नशीले पदार्थों के कार्टेल को “बेरहमी से कुचलने” के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध

केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई पर NCB टीम को बधाई देते हुए कहा कि सरकार नशीले पदार्थों के कार्टेल को “बेरहमी से कुचलने” के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह “बॉटम टू टॉप” अप्रोच का बेहतरीन उदाहरण है, जिसमें एक छोटी खेप को ट्रेस करते हुए एजेंसी ने पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया।

सरकार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई ड्रग्स के खिलाफ केंद्र सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति को दर्शाती है। NCB अधिकारियों के अनुसार भारत में हर साल औसतन 200 से 300 किलोग्राम कोकीन ही जब्त होती है, ऐसे में 349 किलोग्राम की यह बरामदगी बेहद बड़ी और ऐतिहासिक मानी जा रही है।

atul. Singh
अतुल सिंहauthor

मैं अतुल सिंह,मैं 14 वर्षों से अधिक समय से टीवी पत्रकारिता में विभिन्न क्षेत्रों को खबरों को कवर करने वाला अनुभवी पत्रकार हूं। वर्तमान में Times Now नवभारत के लिए principal correspondent हूं। मैंने इंडिया टीवी, ज़ी न्यूज़,IBN 7 (न्यूज़ 18),Lemon न्यूज़ जैसे प्रमुख मीडिया संगठनों के साथ भी काम किया है। मनोरंजन,नागरिक मुद्दे ,इंफ्रा,राजनीति,आम और विधानसभा चुनाव और अपराध जैसे विषयों को बखूबी कवर किया है। वर्तमान में मुम्बई ब्यूरो से जुड़ा हुआ हूं। कई राष्ट्रीय मुद्दों से जुड़े कई विशेष खबरें भी कवर किया है।

और पढ़ें
End of Article