शहर

दिल्ली में गिरा जर्जर हो चुका पुराना लोहे का पुल, महिला की मौत

Delhi Bridge Collapse: दिल्ली में आज एक जर्जर लोहे का पुल अचानक गिर गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जिसका शव नाले से बरामद हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार पुल पहले से खतरनाक स्थिति में था, फिर भी प्रशासन ने इसे न तो ठीक किया और न ही पूरी तरह बंद कराया।

Delhi Bridge Collapse: बिहार से तो अक्सर ही पुल गिरने की खबरें आती रहती हैं, जो आपने पिछले कुछ वर्षों में सुनी होंगी। गुजरात के मोरबी में भी एक सस्पेंशन ब्रिज साल 2022 में गिर गया था। देश की राजधानी दिल्ली में ऐसी घटना के बारे में कोई सपने में भी नहीं सोच सकता। लेकिन दिल्ली में आज ऐसी घटना हुई, जिसमें लोहे का एक पुराना पुल गिर गया और इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई।

पुल गिरने की यह घटना उत्तरी दिल्ली के रूप नगर में हुई। घटना सुबह लगभग 9.08 बजे हुई। घटना के बारे में जानकारी मिलते ही वहां हड़कंप मंच गया। बता दें कि यह पुल रूप नगर में ब्लॉक-3 के पास नाले के ऊपर बना था, जो आज सुबह यानी मंगलवार 17 मार्च को अचानक गिर गया।

इस दुर्घटना के बाद लगभग 9.28 बजे पुलिस को इस हादसे के बारे में जानकारी दी गई। तुरंत स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और NDRF की टीमों ने मौके पर पहुंचकर संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुल के मलबे में दबे लोगों की तलाश की गई। तलाशी के दौरान नाले से लगभग 12 बजे एक महिला का शव बरामद हुआ।

स्थानीय निवासियों के अनुसार जिस महिला का शव बरामद हुआ है, अंदेशा जताया जा रहा है कि जिस महिला का शव बरामद हुआ है वह एक भिखारी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार एक महिला यहां अक्सर पुल के किनारे बैठकर भीख मांगती थी। फिलहाल मृतक महिला की पहचान की कोशिश की जा रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुल काफी जर्जर स्थिति में था और करीब 6 महीने पहले पुलिस ने इसे बैरिकेड्स लगाकर बंद कर दिया था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बैरिकेड फांदकर इसका इस्तेमाल करते थे। हालांकि, लोग इस पुल का इस्तेमाल करते रहे, लेकिन पुलिस और प्रशासन की तरफ से न तो इसे पूरी तरह बंद करने की कार्रवाई की गई, न ही इसे रिपेयर करने की और न ही डिस्मेंटल करने की। यहां तक की लोगों को पुल का इस्तेमाल करने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाकर खानापूर्ति भर कर दी, लोगों को पुल का इस्तेमाल न करने की सख्त हिदायत तक नहीं दी गई।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article