शहर

बाजार गई थी चौथी बेटी...मां और तीन बहनों की चली गई जान; बाराबंकी में दर्दनाक हादसा

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में ट्रेन की चपेट में आने से 39 वर्षीय महिला किरण देवी पाल और उनकी तीन बेटियों की मौत हो गई। मृतकों में पांच साल की काव्या और सात साल की जुड़वां बहनें अनुष्का-कनिष्का शामिल हैं।

Image

(सांकेतिक फोटो-Istock)

बाराबंकी से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों की मौत हो गई। घटना गांधीनगर के पास रेलवे ट्रैक की बताई जा रही है। चार लोगों की मौत की खबर मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

मृतकों की पहचान 39 वर्षीय किरण देवी पाल और उनकी तीन बेटियों के रूप में हुई है। इनमें पांच साल की काव्या और सात साल की जुड़वां बहनें अनुष्का और कनिष्का शामिल हैं। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

क्यों थी परेशान?

जानकारी के मुताबिक, किरण देवी के पति राम तेजपाल कानपुर स्थित वन अनुसंधान में अर्दली के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस की पूछताछ में पति ने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत काफी समय से खराब रहती थी। उनका बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था और आंखों का इलाज भी चल रहा था। परिजनों के अनुसार, महिला शारीरिक कमजोरी के साथ मानसिक परेशानी से भी जूझ रही थी।

बताया जा रहा है कि घटना के समय महिला की 12 वर्षीय चौथी बेटी अपने पिता के साथ बाजार गई हुई थी। इस वजह से वह अपनी मां और बहनों के साथ मौजूद नहीं थी। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला और उसकी तीन बेटियों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article