शहर

भारत मंडपम में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर का आगाज, पीयूष गोयल ने किया उद्घाटन

इस बार ट्रेड फेयर में चार राज्यों को पार्टनर स्टेट का दर्जा दिया गया है। इनमें बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। वहीं चार राज्यों को फोकस स्टेट बनाया गया है, जिनमें असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।

Image

ट्रेड फेयर का उद्घाटन

Trade Fair Inauguration: राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) का शुक्रवार शाम आधिकारिक रूप से उद्घाटन हो गया। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मेले का उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में पद्मश्री से सम्मानित ओडिसी नृत्यांगना गुरु माधवी मुद्गल और उनके समूह ने विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

इस साल ट्रेड फेयर की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है। मेले में देश के 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ 11 देशों की भागीदारी है। 3,500 से ज्यादा प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। इसके लिए भारत मंडपम के 17 हॉल में प्रदर्शनी लगाई गई है।

बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और यूपी पार्टनर स्टेट

इस बार ट्रेड फेयर में चार राज्यों को पार्टनर स्टेट का दर्जा दिया गया है। इनमें बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। वहीं चार राज्यों को फोकस स्टेट बनाया गया है, जिनमें असम, दिल्ली, झारखंड और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। इन राज्यों के पवेलियन में वहां के स्थानीय उद्योग, पारंपरिक हस्तशिल्प, खानपान, संस्कृति, पर्यटन और खास उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे राज्यों के कारोबारियों और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का मौका मिलेगा।

मेले में पारंपरिक हस्तशिल्प, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, घरेलू सामान, खानपान, कृषि उत्पाद और आधुनिक तकनीक से जुड़े स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस बार स्टार्टअप, छोटे कारोबारियों और स्थानीय उत्पादों को भी खास जगह दी गई है। 'एक जिला एक उत्पाद' (ODOP) के तहत 21 राज्यों के खास उत्पाद, हस्तशिल्प और स्थानीय व्यंजन देखने को मिलेंगे।

हॉल नंबर 14 में करीब 600 भारतीय स्टार्टअप अपने नए आइडिया और तकनीक पेश करेंगे। वहीं विदेशी पवेलियन में थाईलैंड, ईरान, घाना, नेपाल, अफगानिस्तान, यूएई, तुर्किये, चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश की भागीदारी रहेगी।

ट्रेड फेयर 27 नवंबर तक चलेगा। 14 से 18 नवंबर तक यह कारोबारियों के लिए रहेगा, जबकि 19 नवंबर से आम जनता के लिए खुलेगा। मेले में खरीदारी के साथ 90 से ज्यादा फूड स्टॉल पर देश-विदेश के व्यंजनों और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया जा सकेगा।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article