Noida News: नोएडा का सबसे बड़ा मंदिर माना जाता है सनातन धर्म मंदिर। महाशिवरात्री के दिन यहां पर सुबह विशेष आरती की जाती है और रात तक पूजा चलती रहती है। महाशिवरात्री को देखते हुए सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर में विशेष तैयारी की गई है। मंदिर परिसर में साफ-सफाई अंतिम दौर में है। साथ ही मंदिर के अंदर गर्भगृह में विशेष सजावट करने की योजना है। महाशिवरात्री के दिन मंदिर में मत्था टेकने दूर-दूर से लोग यहां आते हैं।
बता दें कि, मंदिर के पुजारी के मुताबिक, महाशिवरात्रि के दिन यहां एक लाख से अधिक भक्त आते हैं। सुबह से ही भोलेनाथ के भक्तों का जमावड़ा लग जाता है। सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए जाते हैं। ब्रह्मा मुहूर्त से ही यहां पर जलाभिषेक व रुद्राभिषेक शुरू हो जाता है। मंदिर समिति की ओर से आने वाले भक्तों के लिए कई सुविधाएं भी मुहैया कराई जाती हैं।
