नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को लेकर लंबे समय से चल रहा आंदोलन शनिवार को धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और तय मांगों पर कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों और केंद्र सरकार के बीच सहमति बनने के बाद साथ समाप्त हो गया। इस इस्तीफे को छात्रों की जीत के तौर पर देखा जा रहा है, जिस पर विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस पर शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि युवाओं ने देश को ’’डर के माहौल’’ से बाहर निकाला है।
शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे और उनके चचेरे भाई एवं मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने कहा है कि दोनों पार्टियों की ओर से रविवार को मध्य मुंबई में आयोजित की जाने वाली रैली तय योजना के अनुसार ही होगी, जिसका उद्देश्य देश के युवाओं को बधाई देना है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - बेटे की जीत पर छलके अभिजीत की मां के आंसू...बोलीं-रात भर चिंता रहती थी; धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को बताया विजय
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर इस्तीफा देने के बाद आयोजित एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में उद्धव ठाकरे ने कहा कि युवाओं ने देश को ’’डर के माहौल’’ से बाहर निकाला है।
तानाशाह को झुकने पर किया मजबूर
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में चलाया गया यह आंदोलन केवल प्रधान के इस्तीफे तक सीमित नहीं था। उन्होंने कहा कि युवाओं ने देश को डर के माहौल से बाहर निकाला है... एक कॉकरोच ने एक तानाशाह को झुकने पर मजबूर कर दिया है। जो लोग युवाओं को कॉकरोच कहकर संबोधित करते हैं, उन्हें अहंकारपूर्ण व्यवहार नहीं करना चाहिए।
राज ठाकरे ने कहा कि वे रविवार को शिवाजी पार्क में रैली करेंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली मूल रूप से प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आंदोलन का समर्थन करने के लिए आयोजित की गई थी, लेकिन अब इसे युवाओं की जीत पर उन्हें बधाई देने के लिए आयोजित किया जायेगा।
