शहर

2027 चुनाव से पहले UP सरकार का बड़ा दांव: महिलाओं के लिए 1 लाख रुपये तक की बिना ब्याज लोन योजना का ऐलान

UP News: उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान किया है। यूपी में अब स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी ग्रामीण व शहरी महिलाओं के लिए 1 लाख रुपये तक की ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा।

Image

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (फोटो- @kpmaurya2)

UP News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आधी आबादी यानी महिला वोट बैंक को साधने की दिशा में एक बड़ा राजनीतिक और आर्थिक दांव चला है। राज्य के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी ग्रामीण व शहरी महिलाओं के लिए 1 लाख रुपये तक की ब्याज मुक्त ऋण योजना का बड़ा ऐलान किया है।

1 करोड़ महिलाओं को सीधे होगा लाभ

इस महत्वाकांक्षी योजना के जरिए प्रदेश की लगभग 1 करोड़ महिलाओं को सीधे वित्तीय सहायता प्रदान कर 3 से 4 करोड़ लोगों के परिवारों को साधने की रणनीति बनाई गई है। इस राशि का उपयोग महिलाएं अपने छोटे कारोबार, कुटीर उद्योगों की शुरुआत करने या पहले से चल रहे व्यवसायों के विस्तार के लिए कर सकेंगी। महिलाओं को आसान और पारदर्शी तरीके से वित्तीय मदद पहुंचाने के लिए इस योजना को तीन प्रमुख चरणों में विभाजित किया गया है-

पहला चरण- शुरुआती चरण में लाभार्थी महिलाओं को 20,000 रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया जाएगा।

दूसरा चरण- पहली किस्‍त का समय पर भुगतान करने वाली महिलाओं को अगली किस्त के रूप में 30,000 रुपये मिलेंगे।

तीसरा चरण- दूसरी किस्त का भुगतान पूरा करने पर महिलाओं की क्रेडिट लिमिट बढ़ाकर 50,000 रुपये तक कर दी जाएगी।

'आईडी कार्ड' से मिलेगी डिजिटल पहचान

महिला समूहों को केवल आर्थिक मदद ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए विशेष 'आईडी कार्ड' उपलब्ध कराने की तैयारी है। इस आईडी कार्ड के जरिए महिला उद्यमियों को डिजिटल भुगतान और यूपीआई सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा। उत्पादों की ऑनलाइन बिक्री और डिजिटल मार्केटिंग की ट्रेनिंग व मार्केट एक्सेस मिलेगा। सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों में बिना किसी बिचौलिए के पहुंचेगा।

ई-रिक्शा योजना और 100 'महिला शक्ति केंद्र

'महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन और सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए सरकार ने ई-रिक्शा योजना के तहत 2 लाख रुपये तक के वाहनों की खरीद पर सब्सिडी और वित्तीय सहायता देने पर विचार शुरू किया है। इसके साथ ही, ग्राउंड लेवल पर महिलाओं को हर संभव मदद मुहैया कराने के उद्देश्य से प्रदेश में 100 नए 'महिला शक्ति केंद्र' स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।

2027 का सियासी गणित

उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिला मतदाता एक साइलेंट और निर्णायक वोट बैंक के रूप में उभरी हैं। उज्जवला, पीएम आवास और फ्री राशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं के बल पर भाजपा को लगातार चुनावों में महिलाओं का समर्थन मिलता रहा है। 2027 के चुनावी रण से पहले 1 करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और उन्हें लखपति दीदी की श्रेणी में खड़ा करने की यह योजना न केवल जमीनी स्तर पर महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार लाएगी, बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी सत्ताधारी दल के लिए एक बड़ा मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकती है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article