शहर

Lucknow News: लखनऊ के गेस्ट हाउस में दो मौतों से सनसनी, कमरे में फंदे से लटके मिले युवक-युवती

Lucknow News: लखनऊ के एक गेस्ट हाउस में युवक-युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। दोनों के शव कमरा से बरामद होने से हड़कंप मच गया। दोनों 23 अगस्त से गेस्ट हाउस में रुके थे। पुलिस जांच में जुटी है।

Image

लखनऊ गेस्ट हाउस सुसाइड केस में पुलिस जांच शुरू

Photo : Times Now Digital

Lucknow Suicide News: लखनऊ में एक गेस्ट हाउस के कमरे में युवक और युवती के फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। दोनों के शव गेस्ट हाउस के कमरे में फंसे से लटके हुए बरामद हुए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, यह घटना चिनहट थाना क्षेत्र के धावा गांव स्थित रेड बिल्डिंग गेस्ट हाउस की है। यहां नंबर 101 से दोनों के शव बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक, मृतक युवक की पहचान 22 वर्षीय अमित कुमार के रूप में हुई है। वह हरदोई जिले के हरपालपुर का रहने वाला था। वहीं, मृतका की पहचान 19 वर्षीय नरगिस के रूप में हुई है। नरगिस भी हरदोई जिले के पालिया पंचशाला की निवासी थी।

23 अगस्त से गेस्ट हाउस में रुके थे दोनों

बताया जा रहा है कि अमित और नरगिस 23 अगस्त से गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 101 में ठहरे हुए थे। गेस्ट हाउस संचालक ने जब दोनों को कमरे में फंदे से लटका देखा तो तुरंत चिनहट पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहिया अस्पताल भेज दिया है। इस दौरान घटनास्थल पर अतिरिक्त निरीक्षक अमित कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस ने मौके से जरूरी जानकारी जुटाई है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

आत्महत्या की वजह साफ नहीं

फिलहाल आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस गेस्ट हाउस के संचालक और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही, दोनों के गेस्ट हाउस में ठहरने और घटना से पहले की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस उपायुक्त पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article