शहर

आस्था या बर्बादी? 11000 लीटर दूध नर्मदा नदी में बहाया; Video आने पर छिड़ी बहस

मध्य प्रदेश के सीहोर क्षेत्र के सप्त ऋषियों की तपोभूमि सातदेव स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित 21 दिवसीय विशाल धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर अवसर पर दूध के टैंकर से करीब 11 हजार लीटर दूध से नर्मदा नदी का अभिषेक किया गया, इसे लेकर विवाद हो सकता है।

Image

सीहोर में 11 हजार लीटर दूध से नर्मदा नदी का अभिषेक

सीहोर : जिले से एक अनोखी धार्मिक तस्वीर सामने आई है, जहां मां नर्मदा के दुग्धाभिषेक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह आयोजन भेरूंदा क्षेत्र के सातदेव स्थित प्राचीन पातालेश्वर महादेव मंदिर में हुआ, जहां 21 दिवसीय महायज्ञ का भव्य समापन किया गया।

जानकारी के मुताबिक, इस महायज्ञ का आयोजन संत शिवानंद महाराज के नेतृत्व में किया गया था। 18 मार्च से शुरू हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में हवन सामग्री का उपयोग किया गया। समापन के अवसर पर करीब 11 हजार लीटर दूध से मां नर्मदा का अभिषेक किया गया, जिसके लिए दूध के टैंकरों का इस्तेमाल किया गया।

सोना-चांदी की आहुतियां

बताया जा रहा है कि पूरे आयोजन के दौरान लगभग 41 टन हवन सामग्री, जड़ी-बूटियों के साथ सोना-चांदी की आहुतियां भी दी गईं। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में नारियल अर्पित किए और भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

हालांकि, इस आयोजन का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। एक तरफ कई लोग इसे आस्था और श्रद्धा का प्रतीक बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कुछ लोग इसे संसाधनों की बर्बादी करार दे रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में दूध जरूरतमंदों में बांटा जा सकता था, जबकि समर्थकों का मानना है कि मां नर्मदा के प्रति यह श्रद्धा का विशेष रूप है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सातदेव क्षेत्र को सप्त ऋषियों की तपोभूमि माना जाता है, जहां भगवान शिव पातालेश्वर महादेव के रूप में प्रकट हुए थे। यही कारण है कि इस क्षेत्र का धार्मिक महत्व काफी अधिक है और यहां बड़े स्तर पर अनुष्ठान आयोजित होते रहते हैं।

फिलहाल, यह घटना आस्था और सामाजिक जिम्मेदारी के बीच संतुलन को लेकर एक नई बहस को जन्म दे रही है, जो सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article