शहर

Varanasi News: पूर्वांचल का 'एम्स' सुंदरलाल अस्पताल बना तालाब, 3-4 फीट तक भरा पानी

Varanasi News: वाराणसी में भारी बारिश के बाद आज BHU के सर सुंदरलाल अस्पताल परिसर में 3 से 4 फीट तक पानी भर गया। अस्पताल परिसर में पानी भरने के कारण मरीजों और तीमारदारों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

Image

बीएचयू का सुंदरलाल अस्पताल हुआ पानी-पानी

Varanasi News: वाराणसी में अगर मेडिकल सुविधाओं की जरूरत होती है तो हर किसी को BHU का सर सुंदरलाल अस्पताल ही याद आता है। यही कारण है कि इस अस्पताल को पूर्वांचल का AIIMS भी कहा जाता है। लेकिन आज चंद घंटे की बारिश ने इस अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। पूर्वांचल के इस प्रमुख और हाईटेक अस्पताल परिसर में बारिश के बाद 3 से 4 फीट तक पानी भर गया।

अस्पताल परिसर में हालात ऐसे रहे कि बारिश थमने के कई घंटे बाद भी पूरा परिसर जलमग्न ही नजर आया। इलाज कराने के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को भी पानी के बीच से गुजरना पड़ा। अस्पताल की सड़कों पर घुटनों से ऊपर तक पानी जमा होने के चलते मरीजों और उनके तामीरदारों की मुस्किलें बढ़ गईं।

आज किसी को ऑपरेशन के लिए अस्पताल पहुंचना था, तो किसी को इमरजेंसी वार्ड में इलाज की जरूरत थी। लेकिन जलभराव के चलते कई लोगों को मरीजों को कंधे पर उठाकर अस्पताल के अंदर ले जाना पड़ा।

तालाब बन गया अस्पताल परिसर

भारी बारिश के बाद अस्पताल परिसर में घंटों तक पानी जमा रहा। बारिश बंद होने के पांच घंटे से ज्यादा समय बाद भी कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रभावी जल निकासी व्यवस्था नहीं होने की वजह से मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

हालात की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अस्पताल परिसर में पानी इतना भर गया कि लोगों को आवाजाही के लिए वैकल्पिक साधनों की जरूरत महसूस हुई। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को जलभराव के बीच चलकर अस्पताल की इमारतों तक पहुंचना पड़ा।

कांग्रेस ने भी उठाए गंभीर सवाल

BHU अस्पताल में जलजमाव को लेकर विपक्षी कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अस्पताल प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। पार्टी ने मरीजों और तीमारदारों की सुरक्षा व सुविधा को लेकर गंभीरता से कदम उठाने की जरूरत पर बल दिया।

लगातार जलभराव ने अस्पताल की जल निकासी व्यवस्था और बारिश से निपटने की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

End of Article