सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद वनतारा को सौंपी गई हथिनी माधुरी उर्फ महादेवी को अब उसके पुराने ठिकाने कोल्हापुर स्थित नंदनी मठ में वापस भेजा जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया पर इसकी पुष्टि की। उन्होंने बताया कि वनतारा टीम के साथ हुई विस्तृत बैठक के बाद इस फैसले पर सहमति बनी है।
सोशल मीडिया के जरिए दी जानकारी
सीएम फडणवीस ने 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, "आज टीम वनतारा के साथ विस्तार से चर्चा हुई। वनतारा ने नंदनी मठ में माधुरी को वापस भेजने पर सहमति दी है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में महाराष्ट्र सरकार द्वारा दायर याचिका का भी समर्थन करने की इच्छा जताई है।"
माधुरी के लिए बनेगा पुनर्वास केंद्र
मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि वनतारा का उद्देश्य केवल सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पालन करना था। उन्होंने स्पष्ट किया कि माधुरी की स्थायी कस्टडी लेने की उनकी कोई मंशा नहीं है। इसके बजाय, वनतारा ने वन विभाग द्वारा चयनित स्थान पर माधुरी के लिए एक पुनर्वास केंद्र बनाने की भी इच्छा जताई है, जिससे उसे बेहतर जीवन मिल सके।
33 साल की कैद, दर्द और अकेलापन
तीन साल की उम्र में कर्नाटक से लाकर कोल्हापुर के नंदनी मठ में लायी गई माधुरी ने 33 साल तक कंक्रीट की जेल जैसी जगह में, जंजीरों में बंधे हुए जीवन बिताया। न तो किसी अन्य हथिनी से उसका संपर्क रहा और न ही उसे खुली हवा में जीने का मौका मिला।mउसे नियंत्रित करने के लिए नुकीली लोहे की छड़ों का इस्तेमाल होता था। इस अमानवीय व्यवहार का असर उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति पर पड़ा। उसे क्रॉनिक फुट रोट, टूटी हुई नाखूनें, घिसे पैरों के तलवे और ग्रेड-4 गठिया जैसी गंभीर बीमारियां हो गईं।
नंदनी मठ लौटेगी माधुरी
दिसंबर 2017 में माधुरी ने मठ के मुख्य पुजारी पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। विशेषज्ञों के अनुसार, यह व्यवहार ऐसे हाथियों में आम है जो लंबे समय तक एकाकी और प्रताड़ित जीवन जीते हैं। इस घटना के बाद मठ के ट्रस्टियों ने 2018 में वन विभाग को पत्र लिखकर माधुरी को सौंपने की इच्छा जताई।
बॉम्बे हाईकोर्ट और बाद में सुप्रीम कोर्ट ने उसके पुनर्वास के लिए उसे वनतारा टीम को सौंपने का आदेश दिया। अब, हालिया सहमति के अनुसार, माधुरी को उचित देखभाल के साथ नंदनी मठ में वापस भेजा जाएगा, जहां उसके लिए विशेष पुनर्वास केंद्र भी बनाया जाएगा।
