देश

'ऐसी बयानबाजी से कांग्रेस का हो रहा पतन', छठ पूजा पर राज ठाकरे के पोस्ट का समर्थन करने पर भड़के मनोज तिवारी

बीजेपी सांसद ने कहा, 'इस तरह का व्यवहार ही उन्हें उनके राजनीतिक पतन की ओर ले जा रहा है। आज महाराष्ट्र में इन लोगों की बातों पर ध्यान कौन देता है? कोई भी मराठी मानुष उन्हें महत्व देने को तैयार नहीं है और इसकी वजह उनके अपने ऐसे ही काम हैं।'

Image

भाजपा सांसद मनोज तिवारी।

Manoj Tiwari : छठ पूजा के बारे में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के चीफ राज ठाकरे के सोशल मीडिया पोस्ट का समर्थन करने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। मनोज तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि 'इस तरह की विभाजनकारी राजनीति कांग्रेस पार्टी को उसके पतन की ओर ले जा रही हैं।' समाचार एजेंसी ANI के साथ बातचीत में तिवारी ने कहा कि महाराष्ट्र के लोगों ने इस तरह की राजनीति पहले ही खारिज कर चुके हैं, उत्सव के बारे में कही गईं इन बातों को वे अब गंभीरता से नहीं लेते।

मराठी मानुष उन्हें महत्व देने को तैयार नहीं है-मनोज तिवारी

बीजेपी सांसद ने कहा, 'इस तरह का व्यवहार ही उन्हें उनके राजनीतिक पतन की ओर ले जा रहा है। आज महाराष्ट्र में इन लोगों की बातों पर ध्यान कौन देता है? कोई भी मराठी मानुष उन्हें महत्व देने को तैयार नहीं है और इसकी वजह उनके अपने ऐसे ही काम हैं।' छठ पूजा को महाराष्ट्र में व्यापक समर्थन मिलने की बात पर जोर देते हुए तिवारी ने कहा, 'दूसरी ओर, छठ पूजा को लेकर लोगों में जबरदस्त श्रद्धा और समर्थन है। दरअसल, नेता देवेंद्र फडणवीस भी छठ पूजा के बड़े श्रद्धालु हैं और छठ व्रत करने वालों के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं कर रहे हैं।'

तनाव पैदा करने का राज ठाकरे का आरोप

उनकी यह टिप्पणी गुरुवार को उद्धव ठाकरे के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने बीजेपी पर छठ पूजा को मुद्दा बनाकर मुंबई में सामाजिक और सांस्कृतिक तनाव पैदा करने की कोशिश करने का आरोप लगाया था। ठाकरे ने लोगों से बीजेपी के कथित जाल में नहीं फंसने की अपील भी की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी मराठी और उत्तर भारतीय समुदायों के बीच टकराव पैदा करने की कोशिश कर रही है।

'सांस्कृतिक आक्रामकता' करार दिया

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में ठाकरे ने आरोप लगाया कि बीजेपी और उसके द्वारा विकसित सोशल मीडिया तंत्र छठ पूजा से जुड़े रील्स प्रसारित कर महाराष्ट्र में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की हरसंभव कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने इसे छठ पूजा के नाम पर 'सांस्कृतिक आक्रामकता' करार दिया। ठाकरे ने मुंबई के कुछ रेलवे स्टेशनों पर भोजपुरी गाने बजाए जाने का भी जिक्र किया और दावा किया कि महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने इसे बंद कराया था।

उन्होंने कहा, 'हालांकि, बीजेपी इस बात से निराश नजर आ रही है कि उसकी तमाम कोशिशों के बावजूद वैसा टकराव पैदा नहीं हो पाया, जैसा वह चाहती थी। यह पूरी कवायद आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर की जा रही है।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article