शहर

Assam: काजीरंगा सड़क हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़कर 25 हुआ, 14 महिलाओं समेत 23 की पहचान, पोस्टमार्टम जारी

असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास यात्री वाहन और कंटेनर ट्रक की सीधी भिड़ंत में मौतों का आंकड़ा 25 हो गया है। गोलाघाट के अतिरिक्त जिला आयुक्त जिंटू बोरा ने हादसे के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की है।

Image

काजीरंगा में शुक्रवार को भिड़ी थी वैन

Photo : ANI

असम के गोलाघाट जिले में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास रंगाजान क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। शुक्रवार को एक यात्री वाहन और कंटेनर ट्रक के बीच हुई भीषण आमने-सामने की टक्कर में 14 महिलाओं और 11 पुरुषों की मृत्यु हो गई। गोलाघाट के अतिरिक्त जिला आयुक्त (ADC) जिंटू बोरा ने शुक्रवार को घटना की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 23 मृतकों की पहचान कर ली गई है, जबकि दो शवों की शिनाख्त होना बाकी है।

19 घायलों को भेजा गया था अस्पताल

एडीसी जिंटू बोरा ने घायलों और हताहतों का विवरण साझा करते हुए बताया कि हादसे के तुरंत बाद 19 गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (JMCH) भेजा गया था। अस्पताल में इलाज करा रहे 19 घायलों में से 2 लोगों ने बाद में दम तोड़ दिया, जिससे कुल मृतकों की संख्या 25 तक पहुंच गई। एडीसी ने बताया कि 25 मृतकों में से 23 की पहचान हो चुकी है। जोरहाट मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक व्यक्ति की पहचान अभी होना बाकी है।

नगांव, कारबी आंगलोंग और बिहार के रहने वाले थे मृतक

प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतकों में से 9 लोग असम के नगांव जिले के रहने वाले थे, 1 मृतक कारबी आंगलोंग जिले का निवासी था और एक मृतक बिहार के मधुबनी जिले के तूफानपुर गांव का निवासी था, जिसकी पहचान 38 वर्षीय मोहम्मद रफीक अली के रूप में हुई है।

शवों को घर भेजने के लिए प्रशासन ने दिए वाहन

प्रशासन ने मृतकों के शवों का सम्मानजनक तरीके से उनके गृह नगरों तक पहुंचाने और पोस्टमार्टम के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। एडीसी जिंटू बोरा के मुताबिक, शवों का पोस्टमार्टम शनिवार सुबह 6:00 बजे से शुरू किया जाएगा। इसके लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज और गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) से डॉक्टरों की विशेष टीमें बुलाई गई हैं, जो एक साथ तीन टेबल पर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करेंगी। गोलाघाट जिला प्रशासन ने सभी शवों को उनके परिजनों तक सुरक्षित और सम्मानपूर्वक पहुंचाने के लिए एम्बुलेंस/वाहनों का विशेष प्रबंध किया है।

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने व्यक्त किया गहरा दुख

इस दर्दनाक त्रासदी पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर गहरा दुख प्रकट करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने लिखा, कि काजीरंगा में आज हुए दर्दनाक हादसे से मुझे गहरा दुख पहुंचा है। इस हादसे में हुई जान-माल की क्षति ने हम सभी को झकझोर कर रख दिया है। मेरी संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपनों को खोया है। कोई भी शब्द उनके इस दर्द को कम नहीं कर सकता, लेकिन मैं उन्हें विश्वास दिलाता हूं कि वे अकेले नहीं हैं। दुख की इस कठिन घड़ी में पूरा असम उनके साथ खड़ा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article