अध्यात्म

Chhath Puja Kharna 2026: आज किस समय करें खरना पूजा और कब ग्रहण करें महाप्रसाद, जानें सही समय और विधि

Chhath Puja Kharna 2026: छठ पूजा का खरना आज 14 नवंबर 2026, शनिवार को मनाया जा रहा है। इस दिन व्रती पूजा के बाद महाप्रसाद ग्रहण करते हैं। जिसके बाद 36 घंटों का व्रत शुरू होता है, जानिए खरना पूजा समय।

Image

खरना पूजा कब करें और प्रसाद ग्रहण मुहूर्त

Chhath Puja Kharna 2026: कल नहाय खाय के साथ छठ महापर्व 2026 का महाआरंभ हो चुका है। इसी पर्व का दूसरा दिन खरना कहलाता है, जिसका व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास महत्व है। आज 14 नवंबर 2026, शनिवार को खरना मनाया जा रहा है। इस दिन व्रती सुबह से शाम तक उपवास रखते हैं और सूर्यास्त के आसपास स्नान करके पूजा की तैयारी करते हैं। इसके बाद छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना कर गुड़ और चावल की खीर तथा रोटी का भोग लगाया जाता है। पूजा पूरी होने के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके साथ ही उनका लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। आइए जानते हैं खरना पूजा का सही समय, प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा और इसका महत्व।

खरना पूजा 2026 कब है

छठ पूजा के चार दिनों में खरना दूसरे दिन मनाया जाता है। साल 2026 में खरना 14 नवंबर, शनिवार को है। इस दिन मेरठ में सूर्यास्त का समय शाम 5 बजकर 25 मिनट है और नई दिल्ली और पटना में शाम 5 बजकर 28 मिनट के आसपास है। इसलिए व्रती सूर्यास्त के आसपास स्नान करके पूजा की तैयारी कर सकते हैं। पंचांग के अनुसार खरना पूजा का मुख्य मुहूर्त शाम को 5 बजकर 22 मिनट से लेकर रात्रि 7 बजकर 46 मिनट तक रहेगा।

खरना की पूजा कैसे करें?

खरना के दिन व्रती सुबह स्नान करके व्रत का संकल्प लेते हैं। इसके बाद पूरे दिन बिना अन्न-जल ग्रहण किए उपवास रखा जाता है। शाम को स्नान करके साफ कपड़े पहनें और पूजा स्थल की सफाई करें। इसके बाद मिट्टी के चूल्हे या साफ बर्तन में पारंपरिक प्रसाद तैयार किया जाता है।

खरना के प्रसाद में गुड़ और चावल की खीर, गेहूं के आटे की रोटी और केले का विशेष महत्व है। कई घरों में खीर मिट्टी के चूल्हे पर आम की लकड़ी से बनाई जाती है। प्रसाद बनाते समय साफ-सफाई और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है।

खरना पूजा और प्रसाद ग्रहण का समय

खरना का प्रसाद सूर्यास्त के आसपास पूजा पूरी करने और छठी मैया को भोग लगाने के बाद ग्रहण किया जाता है। सबसे पहले व्रती प्रसाद खाते हैं। इसके बाद परिवार के दूसरे सदस्य और आसपास के लोगों में प्रसाद बांटा जाता है। इस प्रसाद को श्रद्धा और शांति के साथ ग्रहण करने की परंपरा है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article