मुंबई

लोग चिल्लाते रहे, वो मौत की तरफ बढ़ता चला गया, हेडफोन में तेज म्यूजिक ने कुछ सुनने नहीं दिया, करंट लगने से हुई मौत

कानों पर हेडफोन और हेडफोन में तेज आवाज में गाने। लोग चिल्लाते रहे और वो मौत की तरफ बढ़ता रहा। फिर वही हुआ जिसका डर था। सड़क पर बिजली की नंगी तार पड़ी थी और तेज झटके ने उसकी जान ले ली। अगर आप भी हेडफोन लगाकर घूमते हैं तो सावधान रहें।

Image

करंट लगने से युवक की मौत

Photo : Times Now Digital

मुंबई में पिछले तीन-चार दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्तव्यस्त है। जगह-जगह सड़कों पर और रेलवे पटरियों पर पानी जमा है। सड़कों पर बिजली का तारें टूटकर गिर गई हैं, जिससे करंट फैलने का खतरा बना हुआ है। इस बीच कल यानी मंगलवार 19 अगस्त को 17 साल के एक युवक की करंट लगने से मौत भी हो गई है। दीपक पिल्लई नाम के इस युवक को मुंबई के भांडुप इलाके में सड़क पर चलते समय करंट लग गया और उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि दीपक पिल्लई भांडुप के पन्नालाल कंपाउंड इलाके में एलबीएस मार्ग पर अपने घर की तरफ जा रहा था। यहां एक इलेक्ट्रिक मीटर बॉक्स की हाई टेंशन तार खुली पड़ी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दीपक ने हेडफोन लगा रखा था और वह तेज आवाज में म्यूजिक सुन रहा था। जब दीपक वहां से जा रहा था तो लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, उसने हटने के लिए कहा, लेकिन हेडफोन में तेज संगीत चलने की वजह से उसे लोगों की आवाज सुनाई नहीं दी।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने दीपक को खुली तार और करंट फैलने को लेकर सचेत करने की कोशिश की। लेकिन हेडफोन के चलते उसे कुछ भी सुनाई नहीं दिया। फिर देखते ही देखते वह खुली तार की चपेट में आ गया और बिजली का झटका लगने से उसकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वहां आसपास के लोगों ने कई अन्य लोगों को वहां बिजली की नंगी तार गिरी होने के बारे में जानकारी देकर कई लोगों की जान बचायी।

मुंबई ही नहीं समूचे महाराष्ट्र के कई इलाकों में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश का कहर लगातार जारी है। राज्यभर में अलग-अलग जिलों से दुर्घटनाओं और हादसों की खबरें आ रही हैं। 15 अगस्त से लेकर 19 अगस्त तक के 5 दिनों में राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 21 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 10 लोग घायल हुए। इसके अलावा 11 पशुओं की भी मौत हुई।

Nilesh Shukla
Nilesh Shuklaauthor

Nilesh Shukla is a Mumbai based journalist working with Times Now. With passion for uncovering truth and sharing stories that need to be told, Nilesh has a working experience of more than four years. With masters in communication and journalism Nilesh has experience in a wide range of issues like politics, crime, civic etc.

और पढ़ें
End of Article