Maharashtra Weather: महाराष्ट्र में मानसून की धमाकेदार एंट्री के साथ ही मुंबई समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है। बीती रात हुई जोरदार बारिश ने शहर के कई हिस्सों को पानी-पानी कर दिया है। सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और सुबह-सुबह काम पर निकलने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रहे जलजमाव के कारण मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली सड़कों पर ट्रैफिक रेंगता नजर आया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और नगर निगम अलर्ट मोड पर हैं।
अंधेरी सबवे बंद, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर थमी रफ्तार (Mumbai Rain today)
रातभर हुई मूसलाधार बारिश का सबसे ज्यादा असर अंधेरी, बांद्रा, खार, मालाड, गोरेगांव, जुहू और वर्सोवा जैसे इलाकों में देखा गया। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के मुताबिक, मुंबई के पूर्व और पश्चिम हिस्से को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण लाइफलाइन 'अंधेरी सबवे' (अंडरपास) में घुटनों तक पानी भर गया। सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने इस सबवे को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है, मलाड सबवे को भी बंद कर दिया गया। इसके अलावा, वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर भी जलभराव के कारण गाड़ियों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई है, जिससे लंबा जाम लग गया है। हालांकि सोमवार सुबह मुंबई ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि पानी उतर जाने के बाद मलाड और अंधेरी सबवे को फिर खोल दिया गया है।
भिवंडी में एक घंटे की बारिश ने ढाई आफत
मुंबई से सटे भिवंडी में तो महज एक घंटे की तेज बारिश ने ही भिवंडी महानगरपालिका के दावों की पोल खोलकर रख दी। पूरा शहर मानों दरिया बन गया। मुख्य बाजार और मोहल्ले पूरी तरह जलमग्न हो गए। सबसे खराब हालात तीन बत्ती, भाजी मार्केट, निजामपुरा, आमपाड़ा, खंडूपाड़ा रोड और वंजारपट्टी इलाकों में देखने को मिले।
सड़कों पर घुटनों से ऊपर तक पानी भर जाने के कारण कई दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच सड़क पर ही बंद हो गए, जिसके बाद वाहन चालकों को बीच बाजार में गाड़ियों को धक्का लगाना पड़ा। भाजी मार्केट और तीन बत्ती इलाके में तो पानी दुकानों के भीतर तक घुस गया, जिससे व्यापारियों को अपना कीमती सामान बचाने के लिए कड़ी जद्दोजहद करनी पड़ी।
अगले 48 घंटे भारी: 29 जिलों में येलो और इस जिले में ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र के लिए अगले 48 घंटों की एक बड़ी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के नवीनतम पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के 29 जिलों के लिए 29 और 30 जून को बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जबकि अमरावती जिले के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। वहीं मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, नासिक, पुणे, सतारा, सांगली, नागपुर, चंद्रपुर, गडचिरौली, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, अकोला, बुलढाणा समेत 29 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा के अधिकांश हिस्सों में सोमवार और मंगलवार को तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर अत्यंत भारी बारिश होने की प्रबल संभावना है। मुंबई और ठाणे प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और मौसम की ताजा जानकारी के बाद ही घरों से बाहर निकलें।
