Microsoft Global Outage: माइक्रोसॉफ्ट की कई जरूरी ऑनलाइन सेवाओं में आई तकनीकी खराबी ने दुनियाभर के यूजर्स की परेशानी बढ़ा दी। इस आउटेज का असर सिर्फ आम लोगों और कंपनियों तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि जापान के सरकारी IT सिस्टम भी इसकी चपेट में आ गए। जापान सरकार ने खुद इसकी पुष्टि की है। फिलहाल अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
इस तकनीकी गड़बड़ी की वजह से लोगों को ईमेल भेजने और पाने से लेकर ऑफिस का काम करने तक में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। माइक्रोसॉफ्ट आउटलुक, टीम्स, कोपायलट और माइक्रोसॉफ्ट 365 जैसी सेवाएं प्रभावित हुईं।
जापान के सरकारी IT सिस्टम पर असर
जापान के डिप्टी चीफ कैबिनेट सेक्रेटरी मसानाओ ओजाकी ने बताया कि माइक्रोसॉफ्ट की तकनीकी समस्या का असर देश के सरकारी IT इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी पड़ा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और संबंधित अधिकारी लगातार हालात पर नजर रख रहे हैं। इससे साफ है कि इस आउटेज का असर केवल निजी कंपनियों और आम यूजर्स तक नहीं रहा, बल्कि सरकारी कामकाज भी प्रभावित हुआ है।अमेरिका से शुरू हुई परेशानी एशिया तक पहुंची
माइक्रोसॉफ्ट की सेवाओं में यह गड़बड़ी गुरुवार दोपहर अमेरिका में शुरू हुई थी। देखते ही देखते इसका असर एशिया के कई देशों में भी दिखाई देने लगा। शुक्रवार सुबह तक कई यूजर्स ने शिकायत की कि माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं ठीक से काम नहीं कर रही हैं। खासकर ईमेल और ऑफिस से जुड़े कामों में लोगों को परेशानी हुई।यूजर्स को इन समस्याओं का सामना करना पड़ा:
- आउटलुक पर ईमेल भेजने और प्राप्त करने में दिक्कत।
- ईमेल इनबॉक्स लोड नहीं होना।
- माइक्रोसॉफ्ट टीम्स पर मैसेज और कनेक्टिविटी की समस्या।
- कोपायलट AI असिस्टेंट इस्तेमाल करने में परेशानी।
- माइक्रोसॉफ्ट 365 की दूसरी सेवाओं का ठीक से काम नहीं करना।
Downdetector पर दर्ज हुईं हजारों शिकायतें
आउटेज पर नजर रखने वाली वेबसाइट Downdetector के आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे (EST) आउटलुक को लेकर लगभग 1.30 लाख यूजर्स ने शिकायत दर्ज कराई। बाद में शिकायतों की संख्या में कुछ गिरावट जरूर आई, लेकिन इसके बावजूद कई यूजर्स को सेवाओं का इस्तेमाल करने में परेशानी होती रही।लोगों की सबसे बड़ी शिकायत यह थी कि वे अपने ईमेल अकाउंट तक नहीं पहुंच पा रहे थे। कुछ यूजर्स का इनबॉक्स खुल नहीं रहा था, तो कुछ को मेल भेजने और पाने में दिक्कत हो रही थी।
Microsoft 365 ने दिया अपडेट
माइक्रोसॉफ्ट 365 के आधिकारिक स्टेटस अकाउंट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करके बताया कि कंपनी समस्या को कम करने और सेवाओं को सामान्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। कंपनी ने इससे पहले यह भी जानकारी दी थी कि उत्तरी अमेरिका में माइक्रोसॉफ्ट टीम्स की सेवा को बहाल कर दिया गया है। हालांकि, सर्विस बहाल होने के बाद भी कुछ यूजर्स को कनेक्टिविटी से जुड़ी परेशानियां आ रही थीं।
