Satna: मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक बेहद सनसनीखेज और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां नागौद राजघराने की ऐतिहासिक परसमनिया गढ़ी में गोली चल गई। राजपरिवार के भीतर लंबे समय से चल रहा आपसी विवाद इस कदर बढ़ा कि बात सीधे जानलेवा हमले तक पहुंच गई। इस खूनी संघर्ष में पूर्व मंत्री और वर्तमान भाजपा विधायक नागेंद्र सिंह के भतीजे रूपेंद्र सिंह उर्फ बाबा राजा की पत्नी योगिता सिंह गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उनके पेट में गोली लगी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
रीवा में हुआ देर रात इमरजेंसी ऑपरेशन
पारिवारिक विवाद के दौरान हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग में योगिता सिंह के पेट में गोली धंस गई थी। घटना के तुरंत बाद गढ़ी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में लहूलुहान हालत में योगिता सिंह को इलाज के लिए पहले सतना ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत रीवा रेफर कर दिया। रीवा के हॉस्पिटल में डॉक्टरों की एक विशेष टीम ने देर रात उनका बेहद जटिल और इमरजेंसी ऑपरेशन किया। डॉक्टरों ने उनके पेट से गोली बाहर निकाल दी है, लेकिन उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और वं डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं।
चलीं कई राउंड गोलियां!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना को लेकर घायल योगिता सिंह की मां ने बेहद संगीन आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि परसमनिया गढ़ी में बातचीत के दौरान विवाद अचानक इतना उग्र हो गया कि जान बचाने के लिए योगिता सिंह ने कमरे के भीतर छिपने की कोशिश की। लेकिन वहां मौजूद आरोपी महिला ने कमरे की खिड़की से एक के बाद एक कई राउंड ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। इसी दौरान एक गोली योगिता सिंह के पेट में लग गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- पटना मुठभेड़ में घायल बदमाश की मौत; ऐप से बुलाकर लूट रहे थे अपराधी, दो पुलिस अफसर भी घायल
लाइसेंसी हथियार के साथ आरोपी महिला गिरफ्तार
राजघराने से जुड़े इस हाई-प्रोफाइल गोलीकांड की सूचना मिलते ही नागौद SDOP रघु केशरी और स्थानीय थाना पुलिस भारी बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल आरोपी महिला सुनीता सिंह को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया लाइसेंसी हथियार भी बरामद कर लिया है।
इस हाई-प्रोफाइल मामले के बाद पूरे सतना और रीवा संभाग में हड़कंप मचा हुआ है। नागौद राजपरिवार के इस विवाद को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर परसमनिया गढ़ी में ऐसा क्या हुआ जो बात सीधे गोली चलने और जान लेने तक आ पहुंची? पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब घटना के पीछे की मुख्य वजह, दोनों पक्षों की पुरानी रंजिश और वारदात के समय वहां मौजूद अन्य लोगों की भूमिका की गहनता से जांच कर रही है।
