शहर

मध्य प्रदेश का मौसम (4 Feb 2026) MP Weather Today: ओलों के बाद अब कोहरे का 'कहर'; 20 जिलों में विजिबिलिटी कम, कल से फिर शुरू होगा बारिश का दौर

मध्य प्रदेश का मौसम (MP में आज का मौसम कैसा रहेगा) 4 Feb 2026: मध्य प्रदेश में मौसम के मिजाज में उतार-चढ़ाव का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ओले और बेमौसम बारिश के बाद अब प्रदेश के बड़े हिस्से में घने कोहरे ने दस्तक दी है। बुधवार की सुबह राज्य के 20 से अधिक जिले धुंध की सफेद चादर में लिपटे नजर आए। आइए जानते हैं मध्य प्रदेश के मौसम का हाल।

Image

मध्य प्रदेश में कल से कई इलाकों में मावठ की संभावना

Photo : Times Now Digital

MP में आज का मौसम (4 Feb 2026): बुधवार सुबह मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल समेत भोपाल और इंदौर संभाग के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया और शिवपुरी जैसे जिलों में विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिससे हाईवे पर वाहनों को हेडलाइट जलाकर रेंगना पड़ा। सागर, रीवा और सतना के इलाकों में भी सुबह के वक्त मध्यम से घना कोहरा देखा गया। हालांकि, उमरिया जिले में कोहरे के साथ-साथ हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई है।

पिछले 4 दिनों से जारी है उथल-पुथल

पिछले चार दिनों से प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती सिस्टम के कारण भोपाल, ग्वालियर समेत 15 से अधिक जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई थी। इस मौसमी सिस्टम के कमजोर पड़ते ही अब वातावरण में नमी बढ़ने से कोहरे का प्रभाव बढ़ गया है। हालांकि, बुधवार को मौसम विभाग ने ओले गिरने का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है, जिससे किसानों ने राहत की सांस ली है।

5 फरवरी से सक्रिय होगा नया सिस्टम

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राहत का यह दौर छोटा हो सकता है। कल यानी 5 फरवरी से एक और नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय होने जा रहा है। इसके प्रभाव से 10 फरवरी तक प्रदेश में एक बार फिर 'मावठा' गिरने की संभावना है। 5 फरवरी को ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड के इलाकों में घने कोहरे का अलर्ट है, जबकि भोपाल, इंदौर और उज्जैन में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रहेगा।

आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम का हाल

5 फरवरी को उत्तरी मध्य प्रदेश के निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा और मऊगंज में घना कोहरा छाया रहेगा। 6 फरवरी को कोहरे की तीव्रता थोड़ी कम होगी, हालांकि अधिकांश हिस्सों में हल्की धुंध बनी रहेगी और बारिश का कोई बड़ा अलर्ट नहीं है। 7 से 10 फरवरी के बीच नए सिस्टम के असर से प्रदेश के कई जिलों में बादल छा सकते हैं और हल्की से मध्यम बारिश का दौर दोबारा शुरू होने की संभावना है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें