शहर

Moradabad: ट्यूशन जा रही नाबालिग पर धर्मांतरण और निकाह का दबाव बनाने वाला गिरफ्तार, POCSO समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज

Moradabad News: मुरादाबाद के बिलारी में ट्यूशन जा रही नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और धर्मांतरण कर निकाह का दबाव बनाने वाले आरोपी फैजान को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Image

पुलिस हिरासत में फैजान

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद के थाना बिलारी क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ट्यूशन पढ़ने जा रही एक नाबालिग छात्रा का लंबे समय से पीछा कर छेड़छाड़ करने, जान से मारने की धमकी देने और जबरन धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक फैजान को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा के परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए बिलारी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है।

ट्यूशन जाते समय रास्ते में करता था पीछा

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़िता नाबालिग छात्रा जब भी अपने घर से कोचिंग या ट्यूशन के लिए निकलती थी, तो गांव मनकुला का रहने वाला आरोपी फैजान उसका पीछा करता था। आरोप है कि वह आए दिन छात्रा को रास्ते में रोककर छेड़छाड़ करता था, गाली-गलौज करता था और उस पर जबरन धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम रीति-रिवाज से निकाह करने का दबाव बनाता था। जब छात्रा ने इसका विरोध किया और बात मानने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

परिजनों की शिकायत पर दर्ज हुई FIR

परेशान होकर छात्रा ने पूरी बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को पीड़िता के पिता ने थाना बिलारी में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर लिया। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77, 352, 351(3), पोक्सो एक्ट (POCSO) की धारा 7/8 तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

मुकदमा दर्ज होने के तुरंत बाद बिलारी थाना पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। 4 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फैजान पुत्र आकिल, निवासी ग्राम मनकुला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article