शहर

Kerala Monsoon: केरल में मूसलाधार बारिश, नहीं थमेगा बादलों के बरसने का सिलसिला; कर्नाटक-तमिलनाडु में भी अलर्ट

Kerala Monsoon: केरल में मानसून के दस्तक देते ही भारी बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अब यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। आईएमडी ने राज्य के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Image

केरल में भारी बारिश (फाइल फोटो)

Kerala Monsoon: केरल में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को राज्य के कई जिलों के लिए ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया। आईएमडी ने कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए रेड अलर्ट तथा राज्य के बाकी 12 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, रविवार के लिए पांच जिलों में रेड अलर्ट और नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार के लिए केरल के 11 जिलों में रेड अलर्ट और तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उधर, कर्नाटक के कई हिस्सों में भारी का दौर जारी है, जिससे तापमान बेहद कम है। इसके अलावा तमिलनाडु के उधगमंडलम (ऊटी) में भारी बारिश के संकेत देते हुए आईएमडी द्वारा 'रेड अलर्ट' जारी करने के बाद इस पहाड़ी पर्यटक आकर्षण के प्रसिद्ध स्थलों को बंद कर दिया गया है।

केरल में टाइम से पहले पहुंचा मानसून

इससे पहले, दिन में आईएमडी ने राज्य में मानसून के आगमन की पुष्टि की, जो 2009 के बाद सबसे जल्दी आगमन है। आईएमडी के अनुसार, मानसून सामान्य से आठ दिन पहले आ गया और इससे पहले ऐसा 23 मई 2009 को हुआ था। 1975 के बाद 19 मई 1990 को भी मानसून का जल्दी आगमन हुआ था। शनिवार को केरल में तेज हवाओं और रातभर हुई भारी बारिश के कारण कई पेड़ गिर गए, बिजली के खंभे उखड़ गए, फसलें नष्ट हो गईं और सड़कें जलमग्न हो गईं।

पेड़ों के गिरने के कारण राज्य के कई हिस्सों में कुछ मकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। सुबह राज्य के राजस्व मंत्री के राजन ने कहा कि राज्य में मानसून के जल्द आने के संकेत मिलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कोझिकोड, इडुक्की और पथानामथिट्टा के उत्तरी जिलों में बारिश अधिक होगी। आईएमडी ने शुक्रवार को कहा था कि केरल में मानसून दो दिन में पहुंच जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि कुछ स्थानों पर बिना किसी चेतावनी के थोड़ी देर के लिए भारी बारिश हो सकती है, जिससे अचानक बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो सकती है।

उन्होंने कहा कि अधिकारी ऐसी सभी स्थितियों और मानसून से निपटने के लिए तैयार हैं। राजन ने कहा कि मानसून की तैयारियों के संबंध में सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और वह प्रत्येक जिले में स्थिति का आकलन करने के लिए दिन में उनके साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे। मंत्री ने आम जनता को भारी बारिश के मद्देनजर सावधानी बरतने और केवल सुरक्षित स्थानों की यात्रा करने की सलाह दी।

ऊटी में पर्यटन स्थल बंद

तमिलनाडु के उधगमंडलम भारी बारिश के संकेत देते हुए आईएमडी द्वारा 'रेड अलर्ट' जारी करने के बाद इस पहाड़ी पर्यटक आकर्षण के प्रसिद्ध स्थलों को बंद कर दिया गया है। क्षेत्र में भारी बारिश होने के कारण पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन स्थलों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। बोट हाउस, डोट्टाबेट्टा चोटी, देवदार के जंगल और अन्य, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, बंद कर दिए गए हैं।

इस बीच, ऊटी-कुन्नूर रोड पर 60 पेड़ उखड़ गए, जबकि 14 स्थानों पर बिजली के खंभे गिर गए, जिन्हें संबंधित एजेंसियों द्वारा साफ किया जा रहा है। मूसलाधार बारिश ने तापमान को और गिरा दिया, जिससे लोगों को खुद को गर्म रखने के लिए अलाव जलाने पर मजबूर होना पड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस क्षेत्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इस तरह के अलर्ट से 24 घंटे में 20 सेमी से अधिक भारी से बहुत भारी बारिश का संकेत मिलता है। उधगमंडलम को ऊटी के नाम से जाना जाता है।

जल्द ही महाराष्ट्र पहुंचेगा मानसून

आईएमडी ने शनिवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून जल्द ही महाराष्ट्र पहुंचेगा, क्योंकि अगले दो से तीन दिनों के दौरान मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। दक्षिण-पश्चिमी मानसून शनिवार को केरल पहुंच गया, जो 2009 के बाद से भारत में इसका सबसे जल्दी आगमन है। 2009 में मानसून 23 मई को केरल पहुंचा था। मुंबई स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की प्रमुख डॉ. शुभांगी भूटे ने संवाददाताओं को बताया, "दक्षिण-पश्चिम मानसून केरल में अपने आगमन की सामान्य तिथि एक जून से लगभग एक सप्ताह पहले ही पहुंच चुका है और इसके आगे बढ़ने के लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय से पहले मानसून की दस्तक मौजूदा अनुकूल मौसम परिस्थितियों के कारण है और यह धीरे-धीरे महाराष्ट्र की ओर बढ़ रहा है।

भूटे ने कहा कि यह पूर्वानुमान विशेष रूप से रत्नागिरी जिले के कोंकण क्षेत्र के पास एक निम्न दबाव क्षेत्र के निर्माण पर आधारित है। मौसम विभाग ने रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए वहां ‘भारी बारिश’ का अनुमान जताया है। सातारा और कोल्हापुर के घाट क्षेत्रों में भी कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। भूटे ने कहा, “रायगढ़ जिले के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। हालांकि, मुंबई शहर के लिए भारी बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है। मौसम विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर आवश्यक जानकारी प्रदान करेगा।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article