शहर

'उनका दिमाग खिसक गया है, अच्छे डॉक्टर की जरूरत...', आखिर ओपी राजभर पर क्यों बरसे शिवपाल यादव?

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने ओम प्रकाश राजभर के बयानों पर पलटवार करते हुए उन्हें डॉक्टर से सलाह लेने की बात कही। वहीं, राजभर ने यूपी को चार हिस्सों में बांटने और अलग पूर्वांचल राज्य बनने पर राजभर समाज के व्यक्ति को मुख्यमंत्री बनाने का दावा किया है।

Image

ओपी राजभर पर शिवपाल यादव ने साधा निशाना। PTI

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासी हलचल तेज होती जा रही है। वहीं, सियासी बयानबाजी भी लगातार हो रही है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को सुभासपा अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें दिमाग नहीं है, उनका दिमाग खिसक गया है। उन्हें अच्छे डॉक्टर की जरूरत है। शिवपाल ने कहा,"अगर राजभर को अच्छे डॉक्टर नहीं मिल रहे हैं तो वह उनसे सलाह ले सकते हैं। वह उन्हें अच्छे डॉक्टर का नाम बता देंगे।"

दरअसल, इससे पहले देवरिया में रैली के दौरान यूपी सरकार में मंत्री और पार्टी अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कई बड़े बयान दिए। राजभर ने उत्तर प्रदेश के चार हिस्सों में बंटने का दावा करते हुए कहा कि अगर पूर्वांचल अलग राज्य बनता है तो राजभर समाज का बेटा मुख्यमंत्री बनेगा।

राजभर ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि सपा ने खुद अपने गले में फांस लगा ली है। उन्होंने सपा की राजनीतिक स्थिति और उसके नेताओं के बयानों पर भी सवाल उठाए।

चार हिस्सों में यूपी बांटने की बात कही थी

हाल ही में ओपी राजभर ने देवरिया में हुई एक सभा में उत्तर प्रदेश को चार हिस्सों में बांटने की बात कही थी। उन्होंने दावा किया था कि पूर्वांचल को अलग राज्य बनाया जाता है तो राजभर समाज का बेटा वहां का पहला मुख्यमंत्री बनेगा। उनके इसी तरह के बयानों को लेकर शिवपाल यादव से सवाल किया गया था।

राजभर ने बताया कि उन्होंने इस मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से व्यक्तिगत रूप से बात की थी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि एक बार जाति जनगणना पूरी हो जाने के बाद, राज्य को बांटने में कोई बाधा नहीं आएगी।

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि चूंकि पूर्वी इलाके में राजभर समुदाय का वोट शेयर सबसे ज्यादा है, इसलिए प्रस्तावित 'पूर्वांचल' राज्य का पहला मुख्यमंत्री एक राजभर ही होगा। उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में किसी भी चुनावी गठबंधन के लिए यह एक ऐसी शर्त होगी जिस पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article