Viral Video: कहते हैं कि प्रतिभा किसी उम्र या महंगे संसाधनों की मोहताज नहीं होती। अगर मन में कुछ नया बनाने की चाह हो, तो घर में पड़ा पुराना गत्ता और बेकार सामान भी चमत्कार कर सकता है। ऐसा ही एक अद्भुत कारनामा (Talent Video) कर दिखाया है एक छोटे से बच्चे ने, जिसने अपने कमरे में ही हवाई जहाज का पूरा 'कॉकपिट' तैयार कर दिया है। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग बच्चे की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि इस बच्चे ने कॉकपिट के हर एक छोटे-बड़े डिटेल का बहुत बारीकी से ध्यान रखा है। गत्ते पर प्लास्टिक के ढक्कन, घुमाने वाले बटन और स्विच लगाकर इंजन स्टार्टअप, एपीयू , जीपीएस , फ्लैप , लैंडिंग गियर और लाइट कंट्रोल जैसी चीजें बनाई हैं। वहीं, थ्रॉटल लीवर के साथ-साथ जेट इंजन का वर्किंग डायग्राम और पंखों की बनावट को भी गत्ते और स्केच से बखूबी उकेरा गया है। बच्चे ने हाथ से लिखी एक पूरी लिस्ट तैयार की है, जिसमें भारत से लंदन, अमेरिका, ब्राजील आदि देशों के बीच उड़ानों का समय, दूरी और प्लेन नंबर दर्ज है। जिस अंदाज में बच्चे ने कॉकपिट को तैयार किया उसने लोगों का दिल जीत लिया है। देखें वीडियो...
बच्चे का अनोखा टैलेंट
वीडियो देखकर एक पल के लिए आप भी जरूर चकमा खा गए होंगे। सोच रहे होंगे कि इस बच्चे में तो गजब का टैलेंट है। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इंस्टाग्राम पर वीडियो को siddh_kumawat नाम के पेज से शेयर किया गया है। वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। वहीं, वीडियो सामने आते ही यूजर्स इस नन्हे कैप्टन के टैलेंट के मुरीद हो गए हैं। लोगों का कहना है कि इतने कम उम्र में कॉकपिट की सभी जटिल प्रणालियों को समझना और उसे क्राफ्ट के जरिए हू-ब-हू री-क्रिएट करना किसी चमत्कार से कम नहीं है। कई लोग कमेंट्स में बच्चे के उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं और इसे असली 'एविएशन इंजीनियर' बता रहे हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
