IMD Monsoon Update: देश के दक्षिणी राज्यों से लेकर पश्चिमी राज्यों में झमाझम बारिश हो रही है। मानसून या प्री मानसून वर्षा ने हीटवेव पर लगाम लगाई है। अब इसका इंतजार उत्तर भारतीय राज्यों को है। उत्तर भारत के राज्यों में मानसून का इंतजार काफी बेसब्री से किया जा रहा है, क्योंकि यहां हीटवेव और प्रचंड गर्मी की मार पड़ रही है। यहां इससे छुटकारा पाने के लिए एकमात्र मानसून का आना ही विकल्प है, तो आइए हम आपको बताते हैं कि मानसून का सफर कहां तक पहुंचा है और अगले दिनों में कहां तक पहुंचेगा। किन राज्यों में कितने तारीख को मानसून पहुंचेगा।
मानसून की वर्तमान स्थिति
केरल से होते हुए महाराष्ट्र और गुजरात में दस्तक दे चुका मानसून तेज गति से आगे बढ़ रहा है। मुंबई की तरह गुजरात में भी मानसून ने अनुमानित समय से दो दिन पहले एंट्री ली है। हालांकि, पूरे गुजरात में मानसून के पहुंचने में करीब हफ्ते भर का समय लग जाएगा। आईएमडी ने अगले पांच दिनों तक गुजरात में बारिश का अनुमान जताया है।
दिल्ली में मानसून कब पहुंचेगा?
देश की राजधानी दिल्ली इन दिनों भीषण हीटवेव की चपेट में है। दिल्ली में हीटवेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। बताया गया है कि दिल्ली में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं दिख रही है। अगर दिल्ली में मानसून के आने की बात करें तो दिल्ली में 29 जून तक मानसून पहुंच सकता है। हालांकि, इससे पहले प्री मानसून वर्षा होने की उम्मीद है।
मध्य प्रदेश में कब पहुंचेगा मानसून?
मौसम विभाग ने बताया कि मध्य प्रदेश में मानसून का इंतजार खत्म होने वाला है। मध्य प्रदेश में 18 से 20 जून के बीच मानसून पहुंच सकता है। आईएमडी ने बताया कि मध्य प्रदेश के कई शहरों में प्री-मानसून बारिश होने की संभावना है और 20 जून तक मानसून पहुंच जाएगा। इसके बाद पूरे राज्य में बारिश होगी
झारखंड में कब पहुंचेगा मानसून?
भीषण गर्मी और मानसून में देरी के कारण झारखंड में बारिश में कमी बढ़कर 54 प्रतिशत हो गई है। हालांकि, इसी बीच अच्छी खबर सामने आई है कि झारखंड में मानसून जल्द ही दस्तक दे सकता है। आईएमडी ने बताया कि झारखंड में 19 जून के आसपास मानसून पहुंच सकता है। मानसून की मौजूदा प्रगति धीमी है। 16 जून के बाद इसमें तेजी आने की संभावना है।

IMD द्वारा जारी मानसून मैप।
पश्चिम बंगाल में मानसून कब पहुंचेगा?
मौसम विभाग ने बताया कि बंगाल में लोगों को जल्द ही मानसूनी वर्षा का आनंद मिल सकता है। आईएमडी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में 19 जून तक मानसून पहुंच सकता है। इसके पहले राज्य में प्री मानसून बारिश होने की उम्मीद है।
बिहार में मानसून कब आएगा?
इन दिनों बिहार भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य में बारिश की सख्त जरूरत है, लेकिन बारिश की संभावना नहीं दिख रही है। अगर मानसून की बात करें तो बिहार में मानसून के आने में करीब एक सप्ताह का समय है। आईएमडी के मुताबिक, बिहार में 20 जून तक मानसून आ सकता है। हालांकि, इससे पहले प्री मानसून बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही है।
उत्तर प्रदेश में मानसून कब पहुंचेगा?
उत्तर प्रदेश में जल्द ही मानसून दस्तक दे सकता है और अगर आईएमडी का अनुमान सही रहा तो अगले 72 घंटों के बाद यूपी में मानसून की एंट्री हो जाएगी। मौसम विभाग ने बताया कि यूपी में 18 से 20 जून के बीच मानसून पहुंच सकता है। यूपी में पूर्वी हिस्से से मानसून की एंट्री होगी। माना जा रहा है कि जल्द ही गोरखपुर क्षेत्र में बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक मानसून को पहुंचने में 27 जून तक का समय लग सकता है।
तय समय से पहले पहुंचा मानसून
बता दें कि इस साल 30 मई को मानसून केरल पहुंचा था। बीते 10 सालों में ऐसा चौथी बार हुआ है, जब मानसून अपने अनुमानित समय से पहले पहुंचा है। इस बार मानसून ने तय समय से पहले केरल, महाराष्ट्र और गुजरात में एंट्री ली है और तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
