चीन अब पाकिस्तान के साथ अपनी रणनीतिक साझेदारी को जमीन, समुद्र और रक्षा क्षेत्र से आगे बढ़ाकर अंतरिक्ष तक ले जा रहा है। पाकिस्तान का पहला अंतरिक्ष यात्री चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर पहुंचने जा रहा है। इसे भले ही पाकिस्तान अपनी बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धि बता रहा हो, लेकिन इसके पीछे चीन की क्षेत्रीय रणनीति को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। भारत के दो प्रमुख पड़ोसी चीन और पाकिस्तान पहले से ही रक्षा और सैन्य तकनीक के क्षेत्र में एक-दूसरे के सहयोगी हैं। अब अंतरिक्ष में उनकी बढ़ती नजदीकी भारत के लिए नई रणनीतिक चुनौती बन सकती है। ऐसे में सवाल है कि चीन पाकिस्तान को अंतरिक्ष की ताकत क्यों दे रहा है और क्या आने वाले समय में इसका असर भारत की सुरक्षा और अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं पर भी पड़ सकता है?
अंतरिक्ष में चीन-पाकिस्तान की नई शुरुआत क्या है?
पाकिस्तान के 40 वर्षीय पायलट और पेलोड विशेषज्ञ मोहम्मद जीशान अली को चीन के शेनझोउ-24 मिशन के चालक दल में शामिल किया गया है। इसके साथ ही वह चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बनेंगे। चीन की मानव अंतरिक्ष उड़ान एजेंसी (CMSA) ने इसकी पुष्टि की है। इस मिशन में अली के साथ चीन के अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी भी शामिल हैं। अली की भूमिका पेलोड विशेषज्ञ की होगी। यानी वह अंतरिक्ष स्टेशन पर पाकिस्तान के वैज्ञानिक कार्यक्रम से जुड़े प्रयोगों को अंजाम देंगे।पाकिस्तान के लिए यह ऐतिहासिक उपलब्धि है, क्योंकि देश पहली बार किसी मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन में अपने अंतरिक्ष यात्री को भेज रहा है। बता दें कि अली का चयन भी अचानक नहीं हुआ। अप्रैल 2026 में पाकिस्तान से दो उम्मीदवारों को चीन में प्रशिक्षण के लिए चुना गया था। इनमें से मोहम्मद जीशान अली को अंतिम रूप से इस मिशन के लिए चुना गया।
चीन पाकिस्तान को अंतरिक्ष में आगे क्यों बढ़ा रहा है?
चीन और पाकिस्तान की दोस्ती कोई नई बात नहीं है। दोनों देशों के बीच दशकों से रक्षा, सैन्य तकनीक और रणनीतिक सहयोग रहा है। चीन पाकिस्तान को लड़ाकू विमान, मिसाइल सिस्टम और सैन्य उपकरण उपलब्ध कराता रहा है। अब इस साझेदारी का विस्तार अंतरिक्ष तक हो रहा है। इसके पीछे चीन के तीन बड़े हित समझे जा सकते हैं।
- एशिया में अपना रणनीतिक प्रभाव बढ़ाना
- अंतरिक्ष में अमेरिकी दबदबे का विकल्प तैयार करना
- पाकिस्तान को तकनीकी रूप से अपने करीब रखना
पहले भी साथ आ चुके हैं दोनों देश
चीन-पाकिस्तान अंतरिक्ष सहयोग की कहानी केवल एक अंतरिक्ष यात्री को स्पेस स्टेशन भेजने तक सीमित नहीं है।
मई 2024 में चीन के चांग'ई-6 चंद्र मिशन के साथ पाकिस्तान का आईक्यूब-क्यू (ICUBE-Q) क्यूबसैट भी चांद की कक्षा तक पहुंचा था। इसे पाकिस्तान के इंस्टीट्यूट ऑफ स्पेस टेक्नोलॉजी और चीन की शंघाई जियाओतोंग यूनिवर्सिटी ने मिलकर विकसित किया था। इस उपग्रह का उद्देश्य चांद की तस्वीरें लेना और उससे जुड़ा वैज्ञानिक अध्ययन करना था। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों के बीच सहयोग का दायरा उपग्रहों, नेविगेशन तकनीक और भविष्य के चंद्र अभियानों तक भी फैला हुआ है।
भारत के लिए इसके क्या मायने हैं?
भारत के लिए इस घटनाक्रम को केवल पाकिस्तान की अंतरिक्ष में पहली उपलब्धि के तौर पर देखना पर्याप्त नहीं होगा। इसके पीछे चीन की क्षेत्रीय रणनीति और अंतरिक्ष में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को भी समझना जरूरी है।
- भारत के सामने चीन-पाकिस्तान की तकनीकी साझेदारी
आधुनिक युद्ध में अंतरिक्ष आधारित तकनीक की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उपग्रहों से सीमा की निगरानी, सैन्य संचार, नेविगेशन और मौसम संबंधी जानकारी जुटाने में मदद मिलती है। यदि चीन भविष्य में पाकिस्तान को इन क्षेत्रों में ज्यादा तकनीकी सहायता देता है तो पाकिस्तान की निगरानी और संचार क्षमताएं बेहतर हो सकती हैं।
- निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने की क्षमता
- नेविगेशन और संचार के क्षेत्र में पाकिस्तान को मदद
- चीन की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षा भारत के लिए बड़ी चुनौती
भारत कहां खड़ा है? क्या है ISRO की तैयारी?
भारत के लिए अच्छी बात यह है कि वह अंतरिक्ष के क्षेत्र में किसी दूसरे देश पर पूरी तरह निर्भर नहीं है। भारत के पास अपना प्रक्षेपण यान, उपग्रह निर्माण क्षमता, चंद्र मिशन और मंगल मिशन का अनुभव है। मानवयुक्त अंतरिक्ष उड़ान के मामले में भारत का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम गगनयान है। भारत का लक्ष्य तीन अंतरिक्ष यात्रियों को करीब 400 किलोमीटर की निचली पृथ्वी कक्षा में भेजना है। इसके लिए मानव-रेटेड लॉन्च व्हीकल और क्रू मॉड्यूल विकसित किए जा रहे हैं। सरकार ने पहले मानवयुक्त मिशन का लक्ष्य 2027 रखा है।
वहीं, भारत 2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करना चाहता है। इसके पहले मॉड्यूल BAS-01 को 2028 तक लॉन्च करने का लक्ष्य है। इस स्टेशन में पांच मॉड्यूल होंगे और इसका इस्तेमाल वैज्ञानिक अनुसंधान, अंतरिक्ष में लंबे समय तक मानव की मौजूदगी और नई तकनीकों के परीक्षण के लिए किया जाएगा।
भारत चंद्रयान-4 के जरिए चंद्रमा से नमूने पृथ्वी पर लाने की तैयारी कर रहा है। इसके अलावा भविष्य में भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा तक पहुंचाने का भी लक्ष्य रखा गया है।भारत की सबसे बड़ी ताकत यह है कि वह उपग्रह निर्माण से लेकर लॉन्चिंग और अंतरिक्ष अनुसंधान तक अपनी तकनीकी क्षमता विकसित कर रहा है।