स्पोर्ट्स

भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए शानदार रहा 24 नवंबर का दिन, पहले चीन को रौंदा फिर हासिल की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग

भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए मंगलवार का दिन शानदार रहा। पहले उसने चीन के खिलाफ सबसे बड़ी जीत दर्ज की और उसके बाद रैंकिंग में नंबर 5 का स्थान हासिल कर लिया। भारत की ओर से दीपिका ने मैच के पहले, छठे और 14वें मिनट में गोल कर जीत दिलाई।

Image

भारतीय महिला हॉकी टीम (साभार-HI)

मंगलवार का दिन भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए शानदार रहा। पहले उसने महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में चीन को 6-2 से रौंद दिया और फिर कुछ देर बाद सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग भी हासिल कर ली। यह भारतीय महिला टीम की लगातार चौथी जीत थी। ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन के खिलाफ महिला एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में भारत की यह सबसे बड़ी जीत है। भारत की ओर से दीपिका ने मैच के पहले, छठे और 14वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। उनके अलावा लालरेमसियामी ने 19वें, नेहा ने 22वें और साक्षी राणा ने 38वें मिनट में गोल दागा। चीन की ओर से फेंग किंगमियाओ ने 15वें और चेन टोंग ने 34वें मिनट में गोल दागे।

सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पर भारतीय महिला हॉकी टीम

इस जीत का सेलिब्रेशन अभी खत्म भी नहीं हुआ था कि टीम को एक और बड़ी खुशखबरी मिली और उसने रैंकिंग में नंबर 5 पर पहली बार जगह बना ली। यह एफआईएच रैंकिंग में टीम की अब तक की सर्वोच्च रैंकिंग है। अक्टूबर 2003 में विश्व रैंकिंग की शुरुआत के बाद भारतीय टीम पहली बार इस मुकाम तक पहुंची है।

इससे पहले भारत की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग छठी थी, जो टीम ने मई-जून 2022 में एफआईएच प्रो लीग में लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद हासिल की थी। टीम ने 2023 में भी छठा स्थान प्राप्त किया था।

भारतीय महिला टीम इससे पहले 2018 में विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद नौवें स्थान पर रही थी। तोक्यो 2020 ओलंपिक में चौथा स्थान हासिल करने के बाद टीम आठवें पायदान पर पहुंची थी। पिछले कुछ वर्षों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार बेहतर प्रदर्शन का नतीजा है कि भारतीय टीम ने अब पांचवें स्थान तक का सफर तय किया है।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article