दुनिया

UAE में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 13 की मौत; भारतीय भी शामिल

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रास अल खैमाह में बस और ट्रक की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई। बस में 41 लोग सवार थे। हादसे में भारतीय नागरिक भी मारे गए हैं, हालांकि उनकी सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। 14 लोग घायल हुए हैं। भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने मृतकों के परिवारों से संपर्क कर मदद का भरोसा दिया है।

Image

दुबई के पास दर्दनाक हादसा, यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराई। AI IMAGE

संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में एक भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई है। हादसा रास अल खैमाह में हुआ, जहां यात्रियों से भरी एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। मृतकों में भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि वह मृतकों के परिवारों के संपर्क में है और उन्हें हर संभव मदद मुहैया कराई जा रही है।

यह हादसा रास अल खैमाह की अल वतन रोड पर हुआ। यूएई के गृह मंत्रालय और स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, बस में कुल 41 लोग सवार थे। बताया गया है कि तकनीकी खराबी के कारण एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान यात्रियों से भरी बस उससे जा टकराई।

11 लोगों की मौके पर मौत

हादसे में शुरुआती तौर पर 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। गंभीर रूप से घायल दो अन्य लोगों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई। हादसे में 14 अन्य लोग घायल हुए हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों में भारतीय नागरिकों की सटीक संख्या अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

भारतीय दूतावास ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया पोस्ट में हादसे पर दुख जताया। दूतावास ने बताया कि वह मृतकों के परिवारों के संपर्क में है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर प्रभावित लोगों को सहायता उपलब्ध करा रहा है। दूतावास ने मदद और जानकारी के लिए 24 घंटे काम करने वाला टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 800-46342 भी जारी किया है। साथ ही कहा है कि हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

फुजैरा हादसे में भी गई थी 14 लोगों की जान

यूएई में यह हादसा फुजैरा में हुए भीषण सड़क हादसे के कुछ ही दिनों बाद सामने आया है। 13 नवंबर को फुजैरा में ट्रकों समेत 23 वाहन आपस में टकरा गए थे। इस दुर्घटना में चार भारतीयों समेत 14 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 30 लोग घायल हुए थे। घायलों में सात भारतीय नागरिक भी शामिल थे। घायलों में सात भारतीय नागरिकों के अलावा यूएई, जॉर्डन, पाकिस्तान, मिस्र, ओमान और ब्राजील के नागरिक भी शामिल थे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article