देश

सीट बंटवारे पर सपा-कांग्रेस में बढ़ी तनातनी? दूसरे दिन की बैठक भी बेनतीजा, अपनी-अपनी रणनीति पर अड़ीं दोनों पार्टियां

SP-Congress Seat Sharing: सपा नेताओं ने यूपी में बिहार जैसे हालात बनने से बचने की बात कही। उनका कहना था कि कांग्रेस सीट के अंकों से ज्यादा जीत वाली सीट पर फोकस करे। सपा नहीं चाहती कि गठबंधन में ऐसी सीटों पर समझौता हो, जहां जीत की संभावना कम हो।

Image

सपा-कांग्रेस (फोटो साभार- PTI)

SP-Congress Seat Sharing: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर चल रही बातचीत में अभी भी पेंच फंसा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, सपा-कांग्रेस की दूसरे दिन की बैठक में सीटों को लेकर चर्चा के दौरान मतभेद सामने आए। दोनों दलों के नेता अपनी-अपनी रणनीति पर अड़े नजर आए। बैठक में सपा नेताओं ने कांग्रेस को मनमाने तरीके से सीटों की संख्या बताने के बजाय हर सीट पर जीत का ठोस आधार और आंकड़े पेश करने की सलाह दी। सपा का कहना था कि सिर्फ सीटों की संख्या मांगने से बात नहीं बनेगी, बल्कि यह बताना होगा कि किस सीट पर जीत की कितनी संभावना है।

सपा-कांग्रेस में दूसरे दिन भी नहीं बन पाई बात

सपा नेताओं ने यूपी में बिहार जैसे हालात बनने से बचने की बात कही। उनका कहना था कि कांग्रेस सीट के अंकों से ज्यादा जीत वाली सीट पर फोकस करे। सपा नहीं चाहती कि गठबंधन में ऐसी सीटों पर समझौता हो, जहां जीत की संभावना कम हो। सपा का जोर इस बात पर है कि बात सीट की नहीं, जीत की है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने आज अपनी तीसरी और कम सीटों वाली मांग रखी। कांग्रेस ने अब 100 सीटों की मांग की है। इससे पहले कांग्रेस की मांग इससे ज्यादा थी, लेकिन अब पार्टी ने अपनी मांग को घटाया है। हालांकि सपा अभी भी इस संख्या पर सहमत नहीं है।

पुराने फॉर्मूले को सपा ने किया दरकिनार

बैठक के दौरान जब कांग्रेस नेताओं ने 2017 विधानसभा चुनाव में सपा की ओर से 105 सीटें दिए जाने का हवाला दिया, तो सपा नेताओं ने जवाब दिया कि उन सीटों पर कांग्रेस का चुनावी प्रदर्शन सबके सामने है। सपा का कहना था कि 2017 में कांग्रेस को मिली सीटों पर परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे थे, इसलिए इस बार पुराना फॉर्मूला नहीं चलेगा। सूत्रों के अनुसार, सपा नेता कांग्रेस हाईकमान के साथ भी सीधे संपर्क में हैं। सीट बंटवारे को अंतिम रूप देने के लिए दो और दौर की औपचारिक बैठकें होंगी, हालांकि उनकी तारीख अभी तय नहीं हुई है। दोनों दल चाहते हैं कि जल्द से जल्द सीटों का समायोजन हो जाए, ताकि चुनाव की तैयारी में तेजी लाई जा सके।

सपा ने उतारे 5 सीटों पर उम्मीदवार

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने सीट बंटवारे के बीच पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी की ओर से जारी सूची में सहारनपुर, शामली, अमरोहा और ललितपुर की सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। समाजवादी पार्टी ने बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान, सहारनपुर सीट से आशु मलिक, कैराना से नाहिद हसन, अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को उम्मीदवार बनाया है। इसके अलावा अखिलेश यादव ने कांग्रेस को खुला पत्र भी लिखा है। इसमें उन्होंने सीट बंटवारे को सीट समायोजन बताते हुए जीत के समीकरण पर जोर दिया है।

Ranjeeta Jha
रंजीता झाauthor

13 साल के राजनीतिक पत्रकारिता के अनुभव में मैंने राज्य की राजधानियों से लेकर देश की राजधानी तक सियासी हलचल को करीब से देखा है। प्लांट की गई बातें ख़बरें नहीं होती बल्कि बातों के पीछे छुपी सच्चाई असली ख़बर होती है। खबरें वही जो आपके सरोकार की हो वो आपतक लेकर आऊंगी।

और पढ़ें
End of Article