Jagannath Mandir Purnima Chand: पुरी के जगन्नाथ मंदिर से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया है। वीडियो में पूर्णिमा की रात जगन्नाथ मंदिर के शिखर के ऊपर अद्भुत चांद दिखाई दे रहा है। चांद की रोशनी ठीक मंदिर के शिखर और नीलचक्र के पीछे से निकल रही है। इस चमत्कारी नजारे को देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु भावुक हो गए और जय जगन्नाथ के जयकारे लगाने लगे।
चांद की रोशनी से जगमगाया नीलचक्र
वीडियो में देखा जा सकता है कि जगन्नाथ मंदिर के शिखर पर लगा नीलचक्र चांद की रोशनी से जगमगा रहा है। चांद की चमक ठीक नीलचक्र के पीछे से निकल रही है, जिससे पूरा दृश्य बेहद अलौकिक और दिव्य लग रहा है। मंदिर के शिखर पर लहराते हुए पीले, लाल और भगवा रंग के ध्वज इस दृश्य को और भी सुंदर बना रहे हैं।
गौरतलब है कि ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से 40 किलोमीटर दूर चार धामों में से एक पुरी धाम स्थित है। भगवान जगन्नाथ का मंदिर दुनिया में मशहूर है। जहां भगवान कृष्ण, बलभद्र और देवी सुभद्रा की पूजा की जाती है। इस मंदिर का आकर्षण अपने आप में अद्भुत है, जहां दर्शन के लिए रोजाना लाखों श्रद्धालु आते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- CM मोहन यादव ने मां नर्मदा सेवा परिक्रमा को दिखाई हरी झंडी
'आस्था और भक्ति का सबसे सुंदर रूप'
पूर्णिमा की रात को वैसे भी हिंदू धर्म में बेहद खास माना जाता है। मान्यता है कि पूर्णिमा की रात चंद्रमा अपनी पूरी कला के साथ दिखाई देता है और इस दिन पूजा-पाठ, व्रत और दान का विशेष महत्व होता है। ऐसे में जगन्नाथ मंदिर के ऊपर पूर्णिमा के चांद का दिखना श्रद्धालुओं के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है। जैसे ही यह तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई, वैसे ही यह तेजी से वायरल हो गई। लोग इस तस्वीर को जमकर शेयर कर रहे हैं और कमेंट बॉक्स में जय जगन्नाथ लिख रहे हैं। कई श्रद्धालुओं ने लिखा कि यह दृश्य देखकर उन्हें ऐसा लगा जैसे भगवान जगन्नाथ स्वयं दर्शन दे रहे हों। कई लोगों ने कहा कि यह तस्वीर आस्था और भक्ति का सबसे सुंदर रूप है।
