Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र के पिहोवा रोड स्थित राज पैलेस के पास एक मकान में पति की नृशंस हत्या का बेहद सनसनीखेज और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ही पति की चाकुओं से गोदकर और पेट चीरकर निर्मम हत्या कर दी। हत्या की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपी महिला पति के शरीर से निकली आंतों को बैग में भर रही थी। वारदात का खुलासा तब हुआ जब मकान मालिक शोर सुनकर मौके पर पहुंचा। मकान मालिक को सामने देख घबराई महिला छत से नीचे कूद गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हैरान करने वाले खुलासे
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के धामपुर गांव निवासी राजेश (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक साल से कुरुक्षेत्र में अपनी पत्नी विमला देवी के साथ किराए के मकान में रह रहा था और पिहोवा रोड स्थित एक वाटर ट्रेडिंग कंपनी में वाटर सप्लाई का काम करता था। राजेश के पोस्टमार्टम के दौरान जो तथ्य सामने आए, उसने डॉक्टरों और पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए। चाकुओं के ताबड़तोड़ वार से राजेश का पेट करीब 35 सेंटीमीटर तक पूरी तरह खुल गया था। पेट पर इतने गहरे और घातक वार थे कि आंतें बाहर आ चुकी थीं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक का लगभग आधा लीवर और दाईं ओर की किडनी भी नहीं मिली।
मकान मालिक को देख छत से छलांग लगाई
मकान मालिक रिंकू ने बताया कि राजेश पिछले एक साल से उसकी ऊपरी मंजिल पर किराए पर रह रहा था। शाम करीब 5 बजे उसे कमरे से राजेश और विमला के जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें आईं। जब रिंकू भागकर छत पर बने कमरे में पहुंचा, तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर दंग रह गया। राजेश खून से लथपथ पड़ा हुआ था और उसका पेट पूरी तरह से चीरा हुआ था। रिंकू ने देखा कि विमला राजेश के पेट से बाहर निकली आंतों को उठाकर एक बैग में भर रही थी। मकान मालिक को देखते ही विमला घबरा गई और उसने तुरंत छत से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने से वह बुरी तरह घायल हो गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- पटना में दुकान से खींचकर युवती को मारी गोली, बचाने आए टेलर को दी धमकी; बाइक चालक भी घायल
झाड़-फूंक करती थी आरोपी महिला, मौके से 3 चाकू बरामद
घटना की सूचना मिलते ही थर्ड गेट प्रभारी सतीश गौड़ और केयूके थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और वारदात में इस्तेमाल किए गए छोटे-बड़े तीन चाकू बरामद किए। मकान मालिक के अनुसार, विमला झाड़-फूंक और तंत्र-मंत्र से जुड़े काम भी करती थी और दोनों पति-पत्नी के बीच अक्सर किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। दोनों की शादी को कई साल हो चुके थे, लेकिन उनकी कोई संतान नहीं थी।
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे का वास्तविक कारण क्या था। इसका खुलासा महिला के बयान दर्ज होने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक सबूतों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी महिला के ठीक होने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
