तुर्किये में मंगलवार को वायुसेना का एक हेलीकॉप्टर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ये हादसा एस्कीशेहिर-कुताह्या मार्ग के पास हुआ। तुर्किये के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने हादसे की पुष्टि की है। अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, AS-532 हेलीकॉप्टर ने उत्तर-पश्चिमी तुर्किये के एस्कीशेहिर से उड़ान भरी थी। इसके कुछ ही समय बाद यह तेपेबासी जिले के योरुकाकचायिर गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना स्थानीय समयानुसार रात करीब आठ बजे सामने आई।
घटनास्थल पर पहुंचीं बचाव टीमें
रिपोर्ट्स के मुताबिक,दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर का मलबा खोज लिया गया है। बचाव दल घटनास्थल पर लगातार अभियान चला रहे हैं। फिलहाल हादसे में किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। दुर्घटना किस वजह से हुई,इसका भी अभी पता नहीं चल पाया है।
क्या है AS-532 हेलीकॉप्टर की खासियत?
AS-532 हेलीकॉप्टर एयरबस हेलीकॉप्टर्स की कूगर फैमिली का हिस्सा है। यह दो इंजन वाला मध्यम क्षमता का हेलीकॉप्टर है। पहले इसका निर्माण यूरोकॉप्टर नाम से किया जाता था। इस हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल कई देशों की वायुसेनाएं करती हैं। इसका उपयोग सैनिकों और सामान के परिवहन के अलावा खोज एवं बचाव अभियानों में भी किया जाता है।
कुछ दिन पहले भी हुआ था सैन्य हेलीकॉप्टर हादसा
तुर्किये में यह हादसा ऐसे समय हुआ है,जब कुछ दिन पहले ही एक अन्य सैन्य हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। 12 नवंबर को दक्षिणी तुर्किये में S-70 हेलीकॉप्टर क्रैश होने से चार सैन्यकर्मियों की मौत हो गई थी। उस हादसे की वजह भी अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।
