गुजरात पुलिस ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे 20 गांवों में सुरक्षा व्यवस्था की जमीनी समीक्षा के लिए विशेष अभियान तैयार किया है। इसके तहत 10 वरिष्ठ IPS अधिकारी 26 और 27 नवंबर 2026 को कच्छ, वाव-थराद और पाटन जिलों के सीमावर्ती गांवों का दौरा करेंगे। अधिकारी स्थानीय ग्रामीणों के घरों में रात बिताएंगे और गांवों के लोगों के साथ-साथ वहां तैनात पुलिसकर्मियों से भी सीधे बातचीत करेंगे।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और दूरदराज के गांवों तक सुरक्षा इंतजामों की स्थिति का आकलन करना है। अधिकारियों को सीमा पर गश्त, सुरक्षा ढांचे और संबंधित एजेंसियों की तैयारियों का निरीक्षण करने की जिम्मेदारी दी गई है। वे रात के समय समीक्षा बैठकें भी करेंगे।
अमित शाह के फोर-टियर सिक्योरिटी ग्रिड के विजन के तहत पहल
गुजरात पुलिस के मुताबिक, यह पहल केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 'फोर-टियर सिक्योरिटी ग्रिड' के विजन और अहमदाबाद में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुरूप की गई है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की सीधी निगरानी में यह दो दिवसीय अभियान आयोजित किया जा रहा है।पुलिस अधिकारियों के दौरे के दौरान सुरक्षा एजेंसियों की तैयारियों, सीमावर्ती इलाकों में गश्त और सुरक्षा से जुड़े बुनियादी ढांचे की समीक्षा की जाएगी। ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों से बातचीत के आधार पर सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा और विकास से जुड़ी भविष्य की योजनाओं को दिशा देने की बात कही गई है।
किस जिले में कौन अधिकारी किस गांव में रहेगा?
पूर्वी कच्छ-गांधीधाम
- IGP संदीप सिंह कल्याणपर और भामंका गांव में रुकेंगे।
- जामनगर SP रवि मोहन सैनी वरसारा और धाबड़ा गांव जाएंगे।
पश्चिमी कच्छ-भुज
- अहमदाबाद सिटी के जॉइंट CP (क्राइम) शरद सिंघल सुमारापोर और मोटा पैया गांव जाएंगे।
- IGP, इंटेलिजेंस-II, गांधीनगर एन.एन. चौधरी अटाड़ा और लाखापर गांव जाएंगे।
- IGP, लॉ एंड ऑर्डर, गांधीनगर मकरंद गोविंदभाई चौहान मिठड़ी और भगाड़िया गांव जाएंगे।
- भरूच SP अक्षयराज रताड़िया रताडल और रोहातल गांव जाएंगे।
वाव-थराद
- पंचमहल-गोधरा रेंज की DIGP विधि चौधरी करेली और बरदवी गांव जाएंगी।
- अहमदाबाद वेस्टर्न रेलवे SP यशपाल जगानिया बुकना और नडोदर गांव जाएंगे।
- स्टेट मॉनिटरिंग सेल, गांधीनगर के SP एम.जे. चावड़ा बोरू और नेसड़ा गांव जाएंगे।
