Bihar SVU Raid: बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। गोपालगंज सदर की अनुमंडलाधिकारी (SDM) कुमारी प्रेरणा कुमार और उनके पति रितेश कुमार के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। रितेश कुमार एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। दोनों पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का गंभीर आरोप है।
पटना से रोहतास तक हड़कंप
जानकारी के अनुसार, SVU की कई टीमें पटना, गोपालगंज और रोहतास समेत कई जिलों में एक साथ तलाशी अभियान में जुटी हैं। सुबह से ही दोनों के आवास, कार्यालय से जुड़े ठिकानों और अन्य संपत्तियों पर सर्च ऑपरेशन चल रहा है। टीम के अधिकारी संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, बैंक खातों, लॉकर और वित्तीय लेनदेन के रिकॉर्ड को खंगाल रहे हैं। इस मामले में SVU के डीएसपी राजन प्रसाद सिंह ने बताया कि कांड संख्या 29/26 दर्ज किया गया था। इसी कांड के आधार पर कुमारी प्रेरणा कुमार और उनके पति रितेश कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज है। शिकायत मिलने के बाद लंबे समय से दोनों की संपत्ति की जांच की जा रही थी। प्रारंभिक जांच में ही करीब 2 करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया है।
SDM-इंजीनियर दंपति के फ्लैट, जमीन और लॉकर की जांच
जांच के दौरान पटना के गोला रोड स्थित एक फ्लैट और जमीन के बारे में भी जानकारी मिली है। इसके अलावा कई बैंक खाते और बैंक लॉकर भी सामने आए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि छापेमारी में कई अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनसे संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है। हालांकि, छापेमारी और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही संपत्ति का सही आकलन हो पाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- अनंत सिंह की बेटी शिवांगी का भव्य तिलक समारोह
प्रशासनिक महकमें में मचा हड़कंप
बता दें कि कुमारी प्रेरणा कुमार गोपालगंज सदर में SDM के पद पर तैनात हैं और जिले में उनकी छवि एक सख्त अधिकारी की रही है। वहीं उनके पति रितेश कुमार इंजीनियरिंग विभाग में एग्जीक्यूटिव इंजीनियर हैं। दोनों पति-पत्नी के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की खबर से पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल SVU की कार्रवाई जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद टीम पूरे मामले का विस्तृत ब्योरा जारी करेगी। इस कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है कि आखिर कुल कितनी अवैध संपत्ति का खुलासा होता है।
