Mathura News: उत्तर प्रदेश के धार्मिक शहर मथुरा से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। मथुरा के थाना कोतवाली वृंदावन क्षेत्र में एक निर्माणाधीन मॉल की छत की शटरिंग अचानक ताश के पत्तों की तरह धराशाई हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 3 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य श्रमिकों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन, फायर ब्रिगेड और आपदा राहत की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।
शटरिंग गिरते ही मची भगदड़, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निर्माणाधीन मॉल परिसर में ढलाई का काम चल रहा था, तभी अचानक छत का सपोर्ट सिस्टम नीचे आ गिरा। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां काम कर रहे कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए। फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की टीमें मलबे में फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर जुटी हुई हैं। घायलों को तुरंत पास के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- मोहाली में निर्माणाधीन हॉस्पिटल में मिट्टी धंसी, दो मजदूरों की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
मथुरा में हुए इस भीषण हादसे की खबर मिलते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का तुरंत संज्ञान लिया।मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल हुए सभी मजदूरों को तत्काल और सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को मृतकों के परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें हर संभव मदद और सहायता राशि प्रदान करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
