शहर

Chhattisgarh Accident: छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा, पिकअप वाहन गड्ढ़े में पलटा; 18 लोगों की मौत

Chhattisgarh accident: छत्तीसगढ़ में आज यानी सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कई अन्य लोग घायल हो गए। मिल रही जानकारी के अनुसार सभी लोग एक पिकअप वाहन में सवार थे, जो एक गड्ढ़े में पलट गया।

Image

छत्तीसगढ़ में भीषण सड़क हादसा

Photo : Twitter

Chhattisgarh Accident: छत्तीसगढ़ के कवर्धा से एक बड़े सड़क हादसे की खबर है। यहां पर तेंदूपत्ता तोड़कर वापस आ रहे 18 आदिवासियों की एक सड़क हादसे में मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में कई अन्य लोग बुरी तरह से जख्मी हैं।

जानकारी के अनुसार सभी आदिवासी, जंगल लौट रहे थे। इसी दौरान बाहपानी के पास उनका पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर 20 फीट गहरे गड्ढ़े में पलट गया। बताया जा रहा है कि इस वाहन में दुर्घटना के समय 35-40 लोग सवार थे। सभी लोग कुई, सेमहारा गांव के रहने वाले थे।

बताया जा रहा है कि यह बैगा आदिवासी समूह के लोग थे। इस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही वहां आसपास के लोगों ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया। आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस ने भी आकर राहत-बचाव कार्य चलाया।

शुरुआत में मृतकों की संख्या 15 बताई जा रही थी, जो बाद में बढ़कर 18 हो गई। कई अन्य लोग घायल हैं, जिनमें से कुछ की स्थिति गंभीर है। पिकअप वाहन में 35-40 लोगों के सवार होने की बात कही जा रही है।

घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। यह दुर्घटना यहां के पंडरिया विकासखंड के कुकदूर में हुई। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से जख्मी लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने शोक प्रकट किया

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी इस दुर्घटना पर दुख प्रकट किया है। X पर लिखे एक पोस्ट में उन्होंने बताया कि कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास पिकअप पलटने से 18 ग्रामीणों के निधन एवं 4 के घायल होने का दुःखद समाचार प्राप्त हो रहा है। घायलों के बेहतर इलाज के आवश्यक निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और उनके परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने X पर पोस्ट करके दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने यह पोस्ट उस समय की थी, जब मृतकों की संख्या 15 थी, अब यह आंकड़ा बढ़कर 18 हो गया है। उन्होंने लिखा - कवर्धा में मजदूरों से भरी पिकअप वाहन पलटने से 15 लोगों के निधन की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपनों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।

टाइम्सनाऊ नवभारत के लिए सत्येंद्र की रिपोर्ट

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें