शहर

'कबूल है' कहलवाने वाला फरार मौलाना गिरफ्तार; वायुसेना कर्मी की पत्नी का जबरन निकाह कराया, धर्मांतरण से लेकर रेप तक उगलेगा कई राज

IAF Officer Wife Forced Nikah: नागपुर में वायुसेना कर्मी की पत्नी के जबरन धर्मांतरण और निकाह मामले में फरार मौलाना हजरत को पुलिस ने मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। जानिए इस खौफनाक केस का पूरा अपडेट।

Image

'कबूल है' कहलवाने वाला फरार मौलाना गिरफ्तार; वायुसेना कर्मी की पत्नी का जबरन निकाह कराया, धर्मांतरण से लेकर रेप तक उगलेगा कई राज

Nagpur Conversion Case Cleric Arrested: नागपुर में वायुसेना अधिकारी (IAF Officer) की 24 वर्षीय पत्नी के साथ हुई ब्लैकमेलिंग, 'काले जादू' और जबरन निकाह के सनसनीखेज मामले में नागपुर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस की स्पेशल टीम ने इस पूरे घिनौने खेल के मुख्य किरदारों में से एक फरार मौलाना 'हजरत मौलाना' को मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से दबोच लिया है। यह मौलाना ही वह शख्स है जिसने पीड़िता की मर्जी के खिलाफ उसका जबरन निकाह पढ़ाकर उसे 'कन्वर्ट' घोषित किया था।

छिंदवाड़ा के तामिया गांव से दबोचा गया आरोपी मौलाना

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अयाज मदारे (26) और उसका साथी अमीन शेख पहले से ही पुलिस रिमांड में हैं, लेकिन निकाह कराने वाला मौलाना फरार चल रहा था। न्यूज 18 की रिपोर्ट के मुताबिक, नागपुर पुलिस की एक टीम ने मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया गांव में छापेमारी कर हजरत मौलाना को गिरफ्तार किया। पुलिस का मानना है कि इस मौलाना से पूछताछ के बाद इस रैकेट के कई और चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं। पुलिस अब उस 'निकाहनामे' को जब्त करेगी और यह जांच करेगी कि क्या इस खेल में कुछ और लोग भी शामिल थे।

क्या है यह पूरा खौफनाक मामला?

यह पूरी घटना 8 फरवरी 2025 को शुरू हुई थी, जब महिला के पुराने स्कूल परिचित अयाज मदारे ने उसे संपत्ति के सौदे के बहाने एक होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां अयाज ने महिला के ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेहोश किया और उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए।

बाद में, इन अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और पीड़िता के फौजी पति को भेजने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग का खेल शुरू हुआ। अयाज ने महिला से करीब 4 लाख रुपये भी वसूले और कई बार उसका यौन उत्पीड़न किया।

'छोड़ो मुझे...' चिल्लाती रही महिला, वीडियो ने उड़ाए होश

सोशल मीडिया पर इस घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसने पूरे देश में आक्रोश पैदा कर दिया। वीडियो में साफ दिख रहा था कि आरोपी अयाज महिला के दोनों हाथ जबरन पकड़कर बैठा है और उर्दू में कुछ फूंक रहा है, जबकि महिला रोते हुए चिल्ला रही है- 'छोड़ो मुझे... जाने दो।'

पीड़िता का आरोप है कि अयाज उसे अक्सर एक प्लास्टिक की बोतल से कोई नशीला पानी पीने पर मजबूर करता था और चेहरे पर हवा फूंककर दावा करता था कि यह 'सम्मोहन और काला जादू' (Hypnosis and Black Magic) है।

31 मई को रचाया गया 'जबरन निकाह'

FIR के मुताबिक, 31 मई को अयाज और अमीन शेख महिला को जबरन नागपुर के कलमेश्वर ले गए। वहां पहले से मौजूद इसी मौलाना (हजरत मौलाना) ने डरा-धमकाकर महिला से जबरदस्ती 'कलमा' पढ़वाया और उसकी मर्जी के खिलाफ 'कबूल है' कहलवाया। इसके बाद मौलाना ने घोषणा कर दी कि महिला का धर्म-परिवर्तन हो चुका है और अब वह कानूनी रूप से अयाज की पत्नी है।

पुलिस ने बताया कि मौलाना की गिरफ्तारी के बाद अब इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या इस गिरोह ने पहले भी किसी और महिला को इस तरह जबरन धर्मांतरण का शिकार बनाया है। आरोपियों पर रेप, जबरन वसूली, ब्लैकमेलिंग और महाराष्ट्र के कड़े धर्मांतरण विरोधी व काला जादू विरोधी कानून के तहत संगीन धाराएं लगाई गई हैं।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!