महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सुरक्षा और स्वच्छता संबंधी उल्लंघनों के पाए जाने के बाद राज्यव्यापी निरीक्षण अभियान के तहत ब्लिंकिट, जेप्टो और इंस्टामार्ट जैसे ऑनलाइन मंचों से जुड़े 14 खाद्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एफडीए ने 13 अगस्त को महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में ऑनलाइन मंच के जरिये खाद्य सामग्री बेचने और वितरित करने वाले 86 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इसने 60 सुधार नोटिस जारी किए और एक केंद्र पर व्यावसायिक गतिविधियों को अस्थायी रूप से रोकने का आदेश दिया। राज्य सरकार के नियामक ने कहा कि इस अभियान के दौरान कोई भी लाइसेंस रद्द नहीं किया गया।
खाद्य सुरक्षा रिकॉर्ड और लाइसेंस के प्रदर्शन की जांच की गई
एफडीए ने कहा कि निलंबित किए गए 14 लाइसेंसों में पांच ब्लिंकिट के प्रतिष्ठानों के, पांच जेप्टो के, दो इंस्टामार्ट के, एक भगवती स्टोर्स का और एक स्विंस्टा एंट प्राइवेट लिमिटेड का था।निरीक्षण के दौरान भंडारण, तापमान नियंत्रण, स्वच्छता, कीट नियंत्रण, भोजन संभालने वाले कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता, एफआईएफओ/एफईएफओ (पहले आओ, पहले पाओ / पहले समाप्त होने वाला, पहले निकालो) पद्धतियों के अनुपालन, खाद्य सुरक्षा रिकॉर्ड और लाइसेंस के प्रदर्शन की जांच की गई।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: नकली पनीर पर नकेल : MP में 'एनालॉग पनीर' बैन, FSSAI के नियमों की अनदेखी पड़ेगी भारी
एफडीए ने कहा कि जहां गंभीर गैर-अनुपालन पाया गया, वहां निलंबन की कार्रवाई की गई।एफडीए ने कहा कि क्विक कॉमर्स फर्मों द्वारा संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 तथा इस कानून के तहत बनाए गए नियमों और विनियमों के तहत की गई है। नियामक ने ऑनलाइन मंच के जरिये खाद्य सामग्री बेचने और वितरित करने वाले खाद्य व्यवसाय संचालकों से खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और भंडारण के लिए निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा।
