UP Ka Mausam (यूपी में आज का मौसम कैसा रहेगा) 31 July 2025: उत्तर प्रदेश में इन दिनों लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है और नदियों का जलस्तर भी बढ़ गया है। हालांकि, मौसम विभाग का यह कहना है कि 31 जुलाई से 1 अगस्त को प्रदेश में भारी बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में गर्मी और उमस का असर बढ़ सकता है। 31 जुलाई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बौछारें पड़ सकती हैं।
हालांकि, दोनों क्षेत्रों में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग की बुधवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, कानपुर ग्रामीण में 17 मिमी, फुरसतगंज में 16.6 मिमी, उरई में 15 मिमी, और हमीरपुर में 13 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, कानपुर शहर में 5.7 मिमी, वाराणसी बीएचयू में 5.4 मिमी, सुल्तानपुर में 13.6 मिमी, अयोध्या और बस्ती में 11 मिमी, और लखनऊ में 9.6 मिमी बारिश दर्ज हुई। तापमान की बात करें तो वाराणसी बीएचयू में 34.8℃, कानपुर ग्रामीण में 34.6℃, बस्ती में 34℃, प्रयागराज में 33.4℃, लखीमपुर खीरी में 32℃, इटावा में 31.6℃ और बाराबंकी में 31.4℃ अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश के आसार
IMD के मुताबिक, 1 अगस्त को उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि इस दिन भी प्रदेश में भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है। वहीं, 2 और 3 अगस्त को भी इसी तरह की स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि, 3 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं। 4 और 5 अगस्त को प्रदेश के दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान बादल गरजने और बिजली चमकने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
क्या फिर लौटेगी गर्मी?
राजधानी लखनऊ में गुरुवार को उमस भरी गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। सुबह से ही आसमान साफ रहेगा और तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है। कानपुर, अमेठी, रायबरेली समेत आस-पास के जिलों में भी मौसम इसी तरह गर्म और उमस भरा रहने की उम्मीद है। झांसी, ललितपुर, प्रयागराज, चित्रकूट, प्रतापगढ़, मथुरा, आगरा, अलीगढ़, जालौन, इटावा और मैनपुरी में भी धूप खिली रह सकती है।
गंगा-यमुना संगम घाट का जलस्तर बढ़ा
लगातार बरसात की वजह से प्रयागराज में गंगा-यमुना संगम घाट का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और यातायात में बाधा की स्थिति बन सकती है। इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुज़फ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और संभल जिलों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
