दिवाली और छठ ऐसे पर्व हैं, जब बड़ी संख्या में लोग अपने घर जाते हैं। त्योहारों को हर कोई अपने परिजनों के साथ ही मनाना चाहता है। ऐसे में बसों से लेकर ट्रेनों और फ्लाइट्स में सीट मिलना मुश्किल हो जाता है। इस फ्लाइट्स दौरान फ्लाइट्स की टिकटें काफी महंगी हो जाती है। इस बार भी दिवाली के लिए अभी से भी टिकटें काफी महंगी हो गई हैं।
दीपावली के त्योहार के मद्देनजर लखनऊ की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए सफर करना कठिन हो सकता है। त्यौहार से लगभग दो महीने पहले ही, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु से लखनऊ आने वाली फ्लाइटों के किराए में चार गुना तक की वृद्धि हो गई है।
20 अक्टूबर को है दिवाली
इस साल दीपावली का त्योहार 20 अक्तूबर को मनाया जाएगा। फ्लाइट से आने वाले प्रवासी 18 अक्तूबर से अपने घरों की ओर लौटना शुरू करेंगे। ट्रेनों में टिकट न मिलने के कारण लोग हवाई यात्रा का सहारा ले रहे हैं, लेकिन बढ़े हुए किराए ने उनकी जेब पर बोझ बढ़ा दिया है।
दिल्ली से लखनऊ का किराया
उदाहरण के लिए, दिल्ली से लखनऊ आने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-2477 का किराया 4747 रुपये है, जबकि इंडिगो की डायरेक्ट फ्लाइट 6ई-2258 का किराया 4831 रुपये है। अन्य उड़ानों के टिकट 7200 रुपये तक पहुंच गए हैं, जबकि सामान्य दिनों में ये टिकट 3000 से 4000 रुपये में मिलते थे।
मुंबई से लखनऊ की फ्लाइट का किराया
अनुमान है कि दीपावली से पहले ये किराए 12 से 15 हजार रुपये तक पहुंच सकते हैं। मुंबई से लखनऊ की फ्लाइटें सबसे महंगी साबित हो रही हैं, जैसे एयर इंडिया एक्सप्रेस आईएक्स-1219 का किराया 16,241 रुपये और इंडिगो 6ई-5379 का किराया 18,399 रुपये हो गया है।
बेंगलुरु से लखनऊ का हवाई किराया कितना?
बेंगलुरु से आने वाली फ्लाइटों के किराए भी 17,930 रुपये और 17,333 रुपये तक पहुंच गए हैं। रेलवे की सीटें फुल होने और एयरलाइंस की बढ़ती मांग के कारण यात्रियों को अधिक खर्च करना पड़ रहा है, और जैसे-जैसे दीपावली नजदीक आएगी, किराए में और वृद्धि की संभावना है।
