पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अचानक स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस मुद्दे को लेकर सरकार पर आरोप लगाए गए कि उन्हें इस्तीफा देने के लिए मजबूर किया गया। विपक्ष की तरफ से भी पूर्व उपराष्ट्रपति के इस्तीफे और उसके बाद उनके पब्लिक डोमेन से गायब होने को लेकर कई प्रश्न किए गए हैं। आरोप तो सरकार पर उन्हें हाउस अरेस्ट करने के लिए भी लगाए जा रहे हैं। ऐसे तमाम प्रश्नों के उत्तर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ANI को दिए एक इंटरव्यू में दिए। चलिए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा -
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि धनखड़ जी एक संवैधानिक पद पर आसीन थे और उन्होंने अपने कार्यकाल में संविधान के अनुसार अच्छा काम किया। अमित शाह ने आगे कहा कि धनखड़ जी ने अपनी व्यक्तिगत स्वास्थ्य समस्याओं के चलते पद से इस्तीफा दिया। किसी को भी इस मुद्दे को ज्यादा नहीं खींचना चाहिए और इसमें जबरल षणयंत्र ढूंढने की कोशिश नहीं करनी चाहे। अमित शाह ने जगदीप धनखड़ को हाउस अरेस्ट करने की बातों को सिरे से खारिज कर दिया।
ANI को दिए एक इंटरव्यू में अमित शाह ने कहा, 'धनखड़ साहब ने अपने इस्तीफे में सबकुछ स्पष्ट तौर पर लिखा था। उन्होंने इस्तीफे के लिए स्वास्थ्य कारण बताया था। उन्होंने अपने अच्छे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री, मंत्रियों और सरकार के प्रति दिल से आभार जताया था।'
विपक्ष पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को हाउस अरेस्ट करने का आरोप लगा रहा है। इस प्रश्न पर अमित शाह ने कहा, 'सच्चाई और झूठ की व्याखा पूरी तरह से विपक्ष के बयानों के आधार पर नहीं की जा सकती।' उन्होंने धनखड़ के इस्तीफे पर हंगामा करने के प्रति चेतावनी भी दी। अमित शाह ने कहा, ऐसा लगता है कि सच और झूठ की आपकी व्याखा विपक्ष के कथनों पर निर्भर है। हमें इस तरह की बातों पर हंगामा खड़ा नहीं करना चाहिए। धनखड़ एक संवैधानिक पद पर थे और उन्होंने संविधान के अनुसार ही अपना काम किया। व्यक्तिगत स्वास्थ्य के कारणों से उन्होंने इस्तीफा दिया।
