Gonda News: जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के लक्ष्मणपुर जाट गांव में चार दिन पहले हुई मारपीट की घटना के बाद एक नया मोड़ आया है। घायल हृदय लाल की इलाज के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। लेकिन इससे भी अधिक हैरान करने वाला दृश्य उस समय सामने आया जब मृतक के परिजनों ने शव को चलती एंबुलेंस से बाहर फेंक दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
क्या है मामला
लक्ष्मणपुर जाट गांव में चार दिन पहले हुए विवाद में कुछ लोगों ने हृदय लाल की बुरी तरह से पिटाई कर दी थी। गंभीर रूप से घायल हृदय लाल को इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया, जहां रविवार को उनकी मौत हो गई। शव को जब पोस्टमार्टम के बाद गांव लाया जा रहा था, तब परिजन और कुछ अन्य लोग आक्रोशित हो गए। लखनऊ से लौट रही एंबुलेंस में मृतक के परिजन मौजूद थे। गोंडा-लखनऊ राजमार्ग पर पहुंचते ही परिजनों ने शव को अचानक एंबुलेंस से बाहर फेंक दिया। बताया जा रहा है कि उनका उद्देश्य सड़क जाम कर प्रशासन पर दबाव बनाना था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें शव को एंबुलेंस से सड़क पर गिराते हुए देखा जा सकता है।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। भीड़ को शांत करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने शव को तत्काल कब्जे में लिया और पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी कराई। सीओ सिटी आनंद राय ने बताया कि “कुछ लोगों के बहकावे में आकर यह कृत्य किया गया। सड़क जाम करने की योजना थी जिसे पुलिस ने विफल कर दिया। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
