शहर

दिल्ली पुलिस ने ईरानी गैंग पर कसा शिकंजा, MCOCA के तहत चार्जशीट दाखिल, सरगना नासिर हाफिज खान समेत तीन आरोपी नामजद

दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ने संगठित अपराध सिंडिकेट ईरानी गैंग के सरगना नासिर हाफिज खान समेत तीन आरोपियों के खिलाफ MCOCA की धारा 3 व 4 के तहत कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की है।

Image

दिल्ली पुलिस ने चार्जशीट में किया खुलासा

Photo : Times Now Digital

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में संगठित अपराध और अंतरराज्यीय गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे कड़े अभियान के तहत दिल्ली पुलिस की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने देश के कई राज्यों में सक्रिय और कुख्यात ईरानी गैंग के कथित सरगना नासिर हाफिज खान उर्फ ईरानी उर्फ समीर सहित उसके तीन मुख्य सहयोगियों के खिलाफ सख्त महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) के तहत अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। आरोपियों पर लूट, ठगी, धोखाधड़ी और जबरन वसूली जैसे कई गंभीर और संगठित अपराधों के जरिए अवैध संपत्ति हासिल करने का आरोप है।

18.84 लाख रुपये की लूट के मामले की जांच

चार्जशीट में नासिर हाफिज खान उर्फ समीर अली, अली चुन्ना उर्फ राजा और अकबर अली उर्फ कबीर के नाम शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, गैंग दिल्ली समेत कई राज्यों में सक्रिय था और कथित तौर पर आर्थिक लाभ के लिए अपराध करता था। अक्टूबर 2025 में DBG रोड थाने में करीब 18.84 लाख रुपये की लूट के मामले की जांच के दौरान गैंग की गतिविधियां सामने आई थी। जांच में बैंक खातों, UPI ट्रांजैक्शन, नकद जमा, एटीएम से निकासी और वाहनों की फाइनेंसिंग से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले गए। पुलिस का दावा है कि अपराध से हासिल रकम का इस्तेमाल वाहन खरीदने, लोन की किस्तें चुकाने और अन्य लेन-देन में किया गया। जांच में दिल्ली, ग्रेटर नोएडा और अन्य स्थानों की संपत्तियों के दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई थी।

गैंग सदस्यों पर 70 से अधिक मामले

पुलिस ने महिंद्रा बोलेरो और हुंडई क्रेटा समेत वाहनों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की है। नासिर खान के खिलाफ करीब 46, अली चुन्ना के खिलाफ 10 और अकबर अली के खिलाफ 22 आपराधिक मामलों में संलिप्तता का जिक्र पुलिस ने किया है। तीनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस अब गैंग के बाकी सदस्यों की तलाश, अतिरिक्त संपत्तियों की पहचान और अपराध से अर्जित रकम का पता लगाने में जुटी है। आगे की जांच के बाद सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की जाएगी

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article