लाइफस्टाइल

Digital Gifting: जिसे देना है उसे ही चुनने दें पसंद का तोहफा, तेजी से बढ़ रहा डिजिटल गिफ्टिंग का चलन

डिजिटल गिफ्ट कार्ड का बढ़ता चलन बताता है कि अब लोग ऐसा तोहफा देना चाहते हैं जो सिर्फ अच्छा दिखे नहीं, पाने वाले के काम भी आए।

Image

क्यों लोगों के बीच तेजी से बढ़ रहा है डिजिटल गिफ्टिंग का चलन (Photo: iStock)

किसी को तोहफा देना हो तो सबसे बड़ी उलझन यही रहती है कि उसे क्या पसंद आएगा। कपड़े, घड़ी, परफ्यूम या घर की सजावट का सामान... कई बार हम अपनी पसंद से चीज खरीद लेते हैं, लेकिन जरूरी नहीं कि सामने वाले को भी वह पसंद आए। अब इस परेशानी का एक आसान तरीका लोगों को पसंद आ रहा है। वह है डिजिटल गिफ्ट कार्ड। इसमें आप किसी को एक तय रकम का कार्ड या वाउचर भेज सकते हैं और पाने वाला अपनी पसंद के हिसाब से उससे खरीदारी कर सकता है।

डिजिटल गिफ्ट कार्ड का चलन खासकर मिलेनियल और जेन-जी के बीच तेजी से बढ़ रहा है। इसकी एक बड़ी वजह है सुविधा। अब किसी के जन्मदिन, शादी, सालगिरह या त्योहार पर गिफ्ट भेजने के लिए बाजार जाने और पैकिंग कराने की जरूरत नहीं। मोबाइल से कुछ ही मिनटों में डिजिटल कार्ड खरीदा और भेजा जा सकता है।

पसंद का तोहफा देने की आजादी

डिजिटल पेमेंट और प्रीपेड माध्यमों की बढ़ती स्वीकार्यता ने डिजिटल गिफ्टिंग को लोकप्रिय बनाने में अहम भूमिका निभाई है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि तोहफा पाने वाले को अपनी जरूरत और पसंद के हिसाब से चीज चुनने की आजादी मिलती है। ई-गिफ्ट कार्ड के कई विकल्प उपलब्ध हैं। इनमें फोटो, एनिमेशन और एआई डिजाइन वाले पर्सनलाइज्ड कार्ड भी शामिल हैं।

सिर्फ शॉपिंग नहीं, घूमने और आराम करने का भी मौका

डिजिटल गिफ्ट कार्ड अब केवल खरीदारी तक सीमित नहीं हैं। आप किसी को स्पा, मसाज या अरोमाथेरेपी का वाउचर भी दे सकते हैं। तत्वा स्पा, अर्बन कंपनी, कामा आयुर्वेदा और फॉरेस्ट एसेंशियल्स जैसे ब्रांड इस तरह के विकल्प देते हैं।

घूमने के शौकीन लोगों के लिए मेकमाईट्रिप और क्लियरट्रिप के गिफ्ट कार्ड उपयोगी हो सकते हैं। वहीं ताज, मैरियट और आईटीसी होटल्स के वाउचर से किसी को खास डाइनिंग या होटल में ठहरने का अनुभव दिया जा सकता है।

हर पसंद के लिए अलग विकल्प

फिटनेस पसंद करने वालों को हेल्दीफाईमी का सब्सक्रिप्शन दिया जा सकता है। मनोरंजन के लिए बुकमाईशो और कॉफी पसंद करने वालों के लिए स्टारबक्स या ब्लू टोकाई के वाउचर अच्छे विकल्प हैं। खरीदारी के लिए अमेजन, फ्लिपकार्ट, मिंत्रा और अजियो के गिफ्ट कार्ड भी उपलब्ध हैं।

एसोचैम की रिपोर्ट के मुताबिक, बड़े कॉरपोरेट ऑर्डर में गिफ्ट कार्ड, ई-वाउचर और ऐप आधारित सब्सक्रिप्शन की हिस्सेदारी 35 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

डिजिटल गिफ्ट कार्ड का बढ़ता चलन बताता है कि अब लोग ऐसा तोहफा देना चाहते हैं जो सिर्फ अच्छा दिखे नहीं, बल्कि पाने वाले के काम भी आए। आखिरकार, किसी को उसकी पसंद की चीज चुनने की आजादी देना भी अपने आप में एक खास तोहफा है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article