स्पोर्ट्स

सेनेगल में हुआ यूथ ओलंपिक का रंगारंग आगाज, अफ्रीका महाद्वीप पहली बार कर रहा है पहली बार मेजबानी

अफ्रीकी देश सेनेगल की राजधानी डकार में चौथे यूथ ओलंपिक खेलों का रंगारंग आगाज हो गया है। पहली बार अफ्रीका महाद्वीप में किसी ओलंपिक खेल प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है।

Image

यूथ ओलंपिक में भारतीय दल (फोटो क्रेडिट @WeAreTeamIndia X)

डकार (सेनेगल): सेनेगल और अफ्रीकी संस्कृति से सरोबार युवा ओलंपिक खेलों का डकार में रंगारंग उद्घाटन किया गया। यह पहला अवसर है जबकि अफ्रीका महाद्वीप में किसी ओलंपिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। सेनेगल की राजधानी डकार के पास स्थित डायम्नियाडियो ओलंपिक स्टेडियम में शनिवार को आयोजित उद्घाटन समारोह में हजारों दर्शकों ने भाग लिया। सैकड़ों ढोल वादकों और नर्तकों ने खेलों के आदर्श वाक्य, 'अफ्रीका स्वागत करता है, डकार जश्न मनाता है' की तर्ज पर सेनेगल और अफ्रीकी संस्कृति की शानदार झलक पेश की।

उद्घाटन समारोह में दिखी सेनेगल की संस्कृति की तस्वीर

उद्घाटन समारोह में पश्चिम अफ्रीका का मौखिक कथावाचन, सेनेगल के गायकों के संगीत कार्यक्रम और खिलाड़ियों की परेड देखने को मिली। समारोह का आकर्षण पीले, काले और सफेद रंग के सेनेगल के पारंपरिक गाउन पहने कलाकारों का एक साथ नृत्य करते हुए अफ्रीका का विशाल मानचित्र बनाना था। सेनेगल के राष्ट्रपति बस्सिरौ डियोमाये फेय ने खेलों की शुरुआत की घोषणा की। युवा ओलंपिक खेल 13 नवंबर तक डकार, पास के शहर डियाम्नियाडियो और समुद्र तट रिसॉर्ट सैली में आयोजित किए जाएंगे जिसमें 14 से 17 वर्ष तक की उम्र के लगभग 2700 खिलाड़ी भाग लेंगे।

पहली बार अपने झंडे तले शिरकत कर रहे हैं रूसी खिलाड़ी

यूक्रेन पर 2022 में हमला करने के बाद यह पहला अवसर है जबकि रूस के खिलाड़ी अपने ध्वज तले किसी बड़ी प्रतियोगिता में भाग लेंगे। रूस के 13 खिलाड़ी इन खेलों में हिस्सा ले रहे हैं। युवा ओलंपिक में भाग लेने वाली पहली शरणार्थी टीम में कीनिया और युगांडा में रहने वाले छह खिलाड़ी शामिल हैं जो ट्रैक एवं फील्ड, जूडो और ताइक्वांडो में भाग लेंगे। खिलाड़ी कुल मिलाकर 25 खेलों में 153 पदक स्पर्धाओं में प्रतिस्पर्धा करेंगे।

साल 2010 में हुई थी यूथ ओलंपिक की शुरुआत

सिंगापुर ने 2010 में पहले ग्रीष्मकालीन युवा खेलों की मेजबानी की थी। डकार को मूल रूप से 2022 में खेलों की मेजबानी करनी थी, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इन खेलों को स्थगित कर दिया गया था। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री ने उद्घाटन समारोह में कहा,'यह सेनेगल, अफ्रीका और हमारे पूरे ओलंपिक परिवार के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है।'जिम्बाब्वे की पूर्व ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता तैराक कोवेंट्री पिछले साल अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति की पहली महिला और अफ्रीकी अध्यक्ष बनी थी।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article