शहर

अहमदाबाद में पुलिस कस्टडी से रेप का आरोपी फरार, भगाने वाला ASI भी हुआ लापता

Ahmedabad News: अहमदाबाद में रेप के आरोपी को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद वापस साबरमती जेल भेजा जाना था। हालांकि, पुलिस की मिलीभगत से आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी को भगाने वाला खुद एक एएसआई है।

Image

रेप के आरोपी को भगाकर फरार हुआ ASI (फोटो साभार- TNN)

Ahmedabad News: गुजरात के अहमदाबाद में पुलिस की बड़ी लापरवाही और मिलीभगत का मामला सामने आया है। यहां दुष्कर्म के एक मामले में जेल में बंद विचाराधीन आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी को भगाने वाला खुद एक एएसआई है, जो आरोपी को जेल ले जाने के बजाय दूसरे रास्ते पर ले गया और उसके बाद खुद भी फरार हो गया।

रेप का आरोपी फरार

मामला 29 अक्टूबर का है। फरार आरोपी की पहचान राधे उर्फ गोपाल राजूभाई ठक्कर के रूप में हुई है। वह नरोडा थाने में दर्ज दुष्कर्म के मामले में साबरमती सेंट्रल जेल में बंद था। 27 अक्टूबर को उसे सिटी सेशन कोर्ट नंबर-12 में पेश किया गया था। पेशी के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने पर कोर्ट के आदेश पर उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में अस्पताल के पुलिस लॉकअप में रखा गया था।

अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद भेजना था जेल

29 अक्टूबर को अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे वापस साबरमती जेल भेजा जाना था। लॉकअप इंचार्ज एएसआई प्रतापभाई ने यह जिम्मेदारी एएसआई राजेश दयाराम और कांस्टेबल महेश हिंदुभाई को दी थी। शिकायत के मुताबिक, एएसआई राजेश ने कहा कि आरोपी उसका रिश्तेदार है, वह खुद उसे छोड़ आएगा। इसके बाद उसने रजिस्टर में खुद ही एंट्री की और बिना किसी दूसरे पुलिसकर्मी को साथ लिए आरोपी को लेकर निकल गया। इसके बाद शाम 7:49 बजे कंट्रोल रूम को फोन कर बताया गया कि वह आरोपी को ऑटो में साबरमती जेल ले जा रहा था और दूधेश्वर सर्कल के पास मेलडी माता मंदिर के पास ट्रैफिक जाम में आरोपी भाग गया। लेकिन जब अधिकारियों ने जांच शुरू की तो कहानी झूठी निकली।

ASI ने जानबूझकर किया प्रोटोकॉल का उल्लंघन

पूछताछ में एएसआई राजेश ने कबूला कि वह आरोपी को साबरमती जेल ले ही नहीं गया, बल्कि उसे वस्त्राल की तरफ ले गया था। वहां निरांत चार रास्ते के पास आरोपी फरार हो गया। इसके बाद रात 10:40 बजे कंट्रोल रूम को दूसरी बार सूचना दी गई। पुलिस का आरोप है कि एएसआई ने जानबूझकर तय रूट और प्रोटोकॉल का उल्लंघन किया। आरोपी को बिना पर्याप्त सुरक्षा और अकेले ले जाना नियमों के खिलाफ था। अब आरोपी के साथ-साथ एएसआई राजेश दयाराम भी फरार है।

फरार लोगों की तलाशी जारी

रामोल पुलिस ने इस मामले में आर्म्ड पुलिस इंस्पेक्टर बी.डी. कोटड की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी पर पहले से ही आईपीसी की धारा 376(2)(N), 294(B), 323 और 506(2) के तहत केस दर्ज है। रामोल इंस्पेक्टर एस.एन. चुडासमा ने बताया कि दोनों फरार लोगों की तलाश की जा रही है और जांच जारी है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article