देश

'वैनिश कुमार जी आप कब वैनिश होंगे', INDIA ब्लॉक रैली में बरसीं ममता दीदी, बोलीं- SIR का पीड़ित है बंगाल

INDIA Bloc Rally: तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर जमकर निशाना साधा और पश्चिम बंगाल को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का पीड़ित करार दिया।

Image

तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी

Photo : Times Now Digital

INDIA Bloc Rally: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने रविवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। साथ ही, पश्चिम बंगाल को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का पीड़ित करार दिया। उन्होंने कहा, ''बंगाल एसआईआर का पीड़ित है; हम उन्हें नहीं छोड़ेंगे, हम लड़ेंगे।''

ममता बनर्जी ने 'इंडिया' गठबंधन की रैली को संबोधित करते हुए सीईसी ज्ञानेश कुमार को वैनिश कुमार बताते हुए कटाक्ष किया कि वैनिश कुमार जी आप कब वैनिश (गायब) होंगे? हम इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ''वैनिश कुमार जी आप ने महज वोट वैनिश नहीं किया, बल्कि सेंट्रल हाईजैकिंग के जरिए आपने पूरी काउटिंग वैनिश की है... हम हारे नहीं हैं। हमको हराया गया है। हम इसका बदला राजनीति से लेंगे। हम लोकतंत्र से लेंगे। हम लड़ेंगे।''

इस दौरान, ममता बनर्जी ने भाजपा पर ज्ञानेश कुमार को बचाने का आरोप भी लगाया। ममता बनर्जी ने भाजपा के 'सबका साथ सबका विकास' नारे का उल्लेख करते हुए कहा, ''अब लोग कहते हैं- भाजपा का साथ, सबका सर्वनाश।''

ममता बनर्जी ने कहा कि वह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व और उन युवाओं के प्रति एकजुटता प्रकट करती हैं, जो आज लड़ाई लड़ रहे हैं।

उन्होंने न्यायपालिका से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाना जरूरी है।

भाजपा पर बरसीं ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने कहा, ''वैनिश कुमार जी आप वैनिश होंगे। हम इंतजार कर रहे हैं।'' तृणमूल सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि भाजपा ने क्या नहीं लूटा? राम जन्मभूमि के पैसे से लेकर वक्फ की संपत्तियों तक को लूट लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस भी दल का काम कर रही है। भाजपा का अपना कोई संगठन नहीं है, इसलिए वह पुलिस से पार्टी का काम करवाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का जाना तय है। भाजपा जाएगी।

विपक्षी नेताओं ने रामलीला मैदान तक किया मार्च

इससे पहले, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, राजद नेता तेजस्वी यादव, एनसीपी (एसपी) नेता सुप्रिया सुले समेत अन्य विपक्षी नेताओं ने कनॉट प्लेस से लेकर रामलीला मैदान तक मार्च निकाला।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article