लखनऊ

लखनऊ की पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, दो लोगों की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की जानकारी सामने आई है। धमाके के साथ इमारत गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ और लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। कुछ घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है।

Image

धमाके के बाद घटनास्थल से उठता धुआं और लोगों की भीड़

Photo : Times Now Digital

Lucknow Blast: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की जानकारी सामने आई है। समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक धमाके के साथ इमारत गिरने से 2 लोगों की मौत हो गई है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ और लोग मलबे में दबे हो सकते हैं। कुछ घायलों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है।

घायलों को कराया गया भर्ती

जानकारी के अनुसार, लखनऊ के गुडंबा क्षेत्र के बेहटा गांव में यह धमाका हुआ। दूर तक विस्फोट की आवाज सुनी गई, जिसके कारण आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस को घटना की सूचना दी गई। साथ ही, स्थानीय लोगों की मदद से हादसे में घायल लोगों निकाला गया। सूचना के बाद एम्बुलेंस की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं।

घर में चल रही थी फैक्ट्री

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया, ‘‘विस्फोट उस घर में हुआ जहां पटाखा फैक्टरी संचालित की जा रही थी। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई है और कुछ लोग घायल हुए हैं।’’ विस्फोट के बाद मकान की छत का एक हिस्सा ढह गया, जिससे कम से कम दो अन्य लोग मलबे में दब गए। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है। इसके अलावा, लखनऊ के जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और डीसीपी ईस्ट भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।

CM योगी ने जताया दुख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का संज्ञान लिया और संवेदनाएं जताई हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "मुख्यमंत्री ने मृतक के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के भी निर्देश दिए हैं।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article